Bundi: जिले में घर-घर औषधि योजनान्तर्ग लगाए जायेंगे 8 लाख पौधे

ब्यूरो चीफ शिव कुमार शर्मा

बूंदी राजस्थान

बूंदी, 27 फरवरी। जिले में आगामी वर्षा ऋतु के दौरान घर-घर औषधि योजनान्तर्गत 8 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला कलक्टर डाॅ. रविन्द्र गोस्वामी ने सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान वन विभाग के अधिकारियों को इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए गए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में कार्य योजना बनाकर पौधारोपण स्थलों का शीघ्र चयन कर लिया जावे। साथ ही मनरेगा, शहरी रोजगार स्कीम जैसी योजनाओं के एक्शन प्लान में भी योजना को जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिए बबूल के पेड़ों को हटाकर इनके स्थान पर घर घर औषधि वितरण के तहत औषधि पौधे लगाए जाएं। सभी विभागों के कार्यालयों में भी पौधे लगवाए जाए।  
जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए कि मिशन कायाकल्प के तहत चित्तौड़ रोड, कोटा रोड़ एवं सिलोर में दीवारों पर संदेशप्रद पेंटिंग बनवाई जावे। साथ ही घर घर औषधि योजना के अंतर्गत एक लाख पौधे लगवाने की कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए उड़ान योजना के अंतर्गत विद्यालयों में वितरित सेनेटरी नैपकिन की मॉनिटरिंग करें। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में जल कनेक्शन एवं शौचालय निर्माण के कार्य में प्रगति की जाये।
उन्होंने निर्देश दिए कि राजीविका के माध्यम से होली के त्यौहार के मद्देनजर हाट बाजार लगवाया जावे। चिरंजीवी योजना में कम प्रगति वाले क्षेत्रों में कैंप लगाकर  आमजन को लाभान्वित किया जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि पलका गांव में पेयजल के लिए दो हैण्डपंप लगवाए जावे। साथ ही बजट घोषणाओं की क्रियान्विती का कार्य त्वरित रूप से हो।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी वर्षा ऋतु के दौरान जिले में 8 लाख औषधिय पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए अभी से तैयारी रखी जावे। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में किए जाने वाले पौधारोपण के लिए संस्थान, स्थान आदि की सूची बनाकर वन विभाग को भिजवाना सुनिश्चित करें।
शहरी क्षेत्र में एक लाख और ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जाएंेगे 2 लाख पौधे
हर घर औषधि योजना के तहत जिले के शहरी क्षेत्रों एक लाख तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 2 लाख औषधिय पौधे लगाए जाएंगे। योजना के तहत चारागाह भूमि, ओरण व गोचर भूमि में पौधोरापण के लिए पंचायतवार सूची उपलब्ध करवाने के लिए सीईओ को निर्देश दिए गए हैं।
योजना के तहत बूंदी में 50 हजार, लाखेरी में 14000, केपाटन में 12000, नैनवा में 9000, कापरेन में 10,000 तथा इंद्रगढ़ में 5 हजार तथा बूंदी पंचायत समिति में 32 हजार 900, हिण्डोली में 50 हजार 500, केशवरायपाटन में 43 हजार 500, नैनवां में 37 हजार 100 तथा तालेडा में 37 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा राजकीय कार्यालयों, विभिन्न संस्थाओं तथा आमजन को कुल 5 लाख पौधे वितरित किए जाएंगे।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कुमार चैधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी करतार सिंह, उपखण्ड अधिकारी सोहनलाल, नगर परिषद आयुक्त महावीर सिंह सिसोदिया, उपवन संरक्षक टी मोहनराज, उपवन संरक्षक रामगढ़ विषधारी टाईगर रिजर्व संजीव शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. ओ.पी. सामर आदि मौजूद रहे।