जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक का आयोजन हुआ
-100 दिवसीय कार्य योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति समीक्षा की गई
- झोलाछाप चिकित्सकों की अब खैर नहीं
-पीएचईडी विभाग को राज्य में तीसरा पायदान प्राप्त करने पर डीएम ने दी बधाई
डीग, जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन सोमवार को पंचायत समिति सभागार में जिला कलेक्टर श्रुति भारद्वाज की अध्यक्षता में हुआ । इन विभागों से की गई विस्तृत चर्चा बैठक में जिला कलक्टर ने विभागवार पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा की। श्रीमति भारद्वाज ने लम्बित कार्यों की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित कार्यों को समयबद्ध रुप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान चिकित्सा, समाज कल्याण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, जिला परिषद, नगरपरिषद, रसद विभाग,पशुपालन विभाग, राजीविका विभाग, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों से उनके विभागों से सम्बन्धित बिन्दुओं की विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
झोलाछाप चिकित्सकों पर की जाएगी कड़ी कार्यवाही उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को "शुद्ध के लिए युद्ध" अभियान के तहत नमूनों के जांच करवाने एवं जिले में झोलाछाप चिकित्सकों पर कड़ी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि झोलाछाप चिकित्सकों के कारण लोगों की ज़िंदगी खतरे में आ रही है एवं इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को और जिला स्तरीय अधिकारियों को अधिकाधिक ई फाइल और ई डाक सिस्टम प्रयोग करने के लिए निर्देशित किया है जिससे की फाइल की ट्रैकिंग एवं समस्याओं का निस्तारण में मदद मिले। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह पानी, बिजली, शौचालय समेत आवारा पशु, चौराहों एवं सड़कों पर कचरे के ढेर, गंदे नाले आदि के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। उन्होंने ब्रज चौरासी क्षेत्र सहित धार्मिक पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देते हुए साफ सफाई करने के निर्देश दिए है। इस दौरान उन्होंने समस्त उपखंड अधिकारियों से विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्र आदि में बिजली, पानी और शौचालय के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आमजन को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के समुचित निर्देश प्रदान किए हैं।
इसी संबंध में उन्होंने बताया कि जिले में बुधवार से सफाई अभियान की शुरुआत की जाएगी साथ ही इसके लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप का गठन भी किया जाएगा जिसमें उपखंड अधिकारी,अधिशासी अधिकारी और विकास अधिकारियों को जोड़ा जाएगा और नियमित रूप से प्रशासन द्वारा किए जा रहे सफाई कार्यों के संबंध में जानकारी एवं तस्वीरें सांझा की जाएगी । पीएचईडी विभाग को राज्य में तीसरा पायदान प्राप्त करने पर बधाई उन्होंने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को फरवरी माह में राज्य स्तर पर तीसरे पायदान प्राप्त करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य को ओर आगे बढ़ाते हुए पीएचईडी विभाग हर घर जल योजना के अंतर्गत प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले में हर परिवार तक पानी का कनेक्शन एवं जल पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी गांव ओडीएफ प्लस से ओडीएफ प्लस प्लस की ओर अग्रसर हो इस संबंध में भी निर्देश दिए है।
उन्होंने पूंछरी क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूंछरी के सौंदर्यकरण, कुंड की सफाई, फाउंटेन संचालित कराने, गेस्ट हाउस में फर्नीचर, गेट, बाउंड्री आदि सुनिश्चित करवाए। उन्होंने राजीविका को निर्देशित किया है कि लखपति दीदी योजना ऐप को जल्द से ऑपरेट करें तथा 500-1000 महिलाओं को आगामी सप्ताह तक राजीविका योजना से जोड़ने का कार्य सुनिश्चित करें । इस दौरान उपखण्ड अधिकारी डीग रवि गोयल, उपनिदेशक पशुपालन विभाग भावना यादव, जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल, तहसीलदार जुगीता मीणा सहित वीसी के माध्यम से विभिन्न उपखंडों के उपखंड अधिकारी व कर्मचारी बैठक से जुड़े।