जयपुर। वनडे फाॅर्मेट से खिलाडियों का सन्यास लेने का सिलसिला थम नहीं रहा है। कुछ दिनों पहले इंग्लैण्ड के आलरांडर बेन स्टाॅक्स ने वनडे टीम से अलविदा कह दिया था और अब इसी कडी में ऑस्ट्रेलिया के सफेद बॉल कप्तान आरोन फिंच ने वनडे क्रिकेट से सन्यास लेने की घोषणा कर दी है। फिंच 11 सितम्बर को केर्न्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे खेलेंगे। एरोन फिंच अगले साल भारत में होने वाले वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए नजर नहीं आयेंगे। हालांकि फिंच ने कहा कि वे वह टी20 खेलना जारी रखेंगे। इसका मतलब है कि एरोन फिंच आगामी टी 20 विश्वकप में आस्ट्रेलिया का नेतृत्व करेंगे। दरअलस फिंच वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। फिंच की पिछली सात पारियों पर नजर डालें तो वे केवल 26 रन ही बना पाए हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा जारी बयान में फिंच ने कहा, कुछ सुनहरी यादों के साथ यह एक बेहतरीन यात्रा रही है। मैं भाग्यशाली हूं कि मैं इस शानदार टीम का हिस्सा रहा हूं और इन खिलाड़ियों के साथ खेला हूं। लेकिन अब समय आ गया है कि कप्तानी किसी और के हाथ में सौंपा जाए ताकि उन्हें अगले विश्व कप की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिल सके। मेरी इस यात्रा में सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मैं धन्यवाद देता हूं।