जयपुर। चार बार की विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया को उसी के घर में कमजोर टीम माने जाने वाली जिम्बाब्वे ने बुरी तरह हरा दिया। जिम्बाब्वे के लेग स्पिनर रयान बर्ल की घातक गेंदबाजी की बदौलत जिम्बाब्वे ने तीसरे और अंतिम वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया पर शनिवार को तीन विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 141 रन पर ही सिमट गई। डेविड वार्नर 94 रन को छोडकर कोई भी बल्लेबाज विकेट पर टिक नहीं पाया और उसके नौ बल्लेबाज दहाई की संख्या में नहीं पहुंच सके। वार्नर ने 96 गेंदों पर 94 रन बनाये लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम 31 ओवर में 141 रन पर लुढ़क गयी। जवाब में जिम्बाब्वे ने 39 ओवर में सात विकेट पर 142 रन बनाकर यादगार जीत हासिल कर ली। जिम्बाब्वे के लेग स्पिनर रयान बर्ल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया जिन्होनें 3 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने ऑस्ट्रेलिया की टीम के आधे प्लेयर्स को मात्र 72 रन के स्कोर पर पैवेलियन पहुंचाा दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक साझेदारी वार्नर और ग्लेन मैक्सवेल के बीच रही जिन्होनें साथ छठे विकेट के लिए 57 रन जोडे। इस बीच वार्नर ने अपना 26वां वनडे अर्धशतक पूरा किया
जिम्बाब्वे को ताकुडवनाशे काइटानो और तड़िवनाशे मारुमानी ने 38 रन की ठोस शुरूआत दी। जिम्बाब्वे ने फिर अपने कुछ विकेट जल्दी.जल्दी गंवाए लेकिन कप्तान रेजिस चकाब्वा ने नाबाद 37 रन बनाकर अपनी टीम को जीत की मंजिल पर पहुंचाया। ओपनर तड़िवनाशे मारुमानी ने 35 रन बनाये।