जयपुर। हाल ही घोषणा के अनुसार अगले साल 2023 में एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में होना है। इसका मतलब है कि भारतीय टीम को एशिया कप खेलने के लिए पाकिस्तान जाना होगा। लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड इसके लिए राजी नहीं है। बीसीसीआई चाहता है कि एशिया कप 2023 का आयोजन पाकिस्तान में नहीं करवाकर कही और करवाया जाये।
अब बीसीसीआई ने एशियन क्रिकेट काउंसिल से अनुरोध किया है कि वह आगामी एशिया कप 2023 को पाकिस्तान से स्थान्नातरित करवा कर दूसरी जगह आयोजित करवाये। इस बारे में बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने कहा फिलहाल पाकिस्तान का दौरा करना समीकरण से पूरी तरह बाहर है ।
बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि सरकार हमें सिर्फ आईसीसी इवेंट के लिए पाकिस्तान ट्रेवल करने की इजाजत देगी। ऐसे में एशिया कप के लिए पाकिस्तान ट्रेवल करना संभव नहीं दिखाई दे रहा है। हम पहले से ही इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि अगर एशिया कप के लिए वेन्यू में बदलाव संभव हों। हम एसीसी से इस बात को लेकर अनुरोध करेंगे।
बता दें कि आखिरी बार भारतीय टीम ने 2008 में एशिया कप पाकिस्तान में खेला था। इसके बाद से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई भी द्विपक्षीय सीरीज भी नहीं खेली है। भारत पाकिस्तान का मुकाबला केवल एशिया कप और आईसीसी टर्नामेंट में ही आमने सामने हुई हैं।