भूपेंद्र पटेल लगातार दूसरी बनेगें गुजरात के मुख्यमंत्री, बैठक में विधायक दल का नेता चुने गये
जयपुर। भूपेंद्र पटेल लगातार दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। हाल ही सम्पन्न विधानसभा चुनाव में भापजा ने 156 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया जिसके बाद आज नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने गांधीनगर में एक बैठक के दौरान उन्हें विधायक दल के नेता के रूप में चुना। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय 'कमलम' में हुई बैठक में सर्वसम्मति से भूपेंद्र पटेल के नाम को विधायक दल का नेता घोषित किया गया.
भाजपा ने एक बयान में कहा, "नवनिर्वाचित विधायक आज 'कमलम' में मिले, जहां भूपेंद्र पटेल को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नामित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।"
इससे पहले भूपेंद्र पटेल ने राज्य में नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए शुक्रवार को अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जब भाजपा ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज की थी। पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों के रूप में बैठक के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, बीएस येदियुरप्पा और अर्जुन मुंडा उपस्थित थे।
पटेल ने इस साल के चुनाव में अहमदाबाद जिले की घाटलोडिया विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार 1.92 लाख मतों से जीत हासिल की। पिछले साल सितंबर में उन्होंने विजय रूपाणी की जगह मुख्यमंत्री का पद संभाला था। भाजपा ने गुरुवार को गुजरात में 182 सदस्यीय सदन में 156 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जो 2017 की 99 सीटों की तुलना में बहुत अधिक है।
पार्टी ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 दिसंबर को होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मौजूद रहेंगे।