जयपुर। टोक्यो पैरालिंपिक भारतीय खिलाडियो का असाधारण प्रदर्शन जारी है। भारत अब तक 4 स्वर्ण पदक, 7 रजत पदक और 6 कांस्य पदक जीत चुका है। कुल 17 पदकों के साथ भारत तालिका में 26 वें नंबर पर बना हुआ है।
प्रमोद भगत ने जीता स्वर्ण
आज भारत के लिए टोक्यो पैरालिंपिक शानदार रहा है। पुरुषों की SL3 श्रेणी में विश्व के नंबर एक शटलर, प्रमोद भगत ने फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन के डेनियल बेथेल को हराकर पुरुष एकल SL3 श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, मनोज सरकार ने जापान के डाइसुके फुजिहारा को हराकर कांस्य पदक जीता। इसके अलावा पुरुष एकल SL4 वर्ग में, सुहास यतिराज ने फाइनल में प्रवेश करके स्वर्ण पदक मैच में अपना स्थान बुक कर लिया है। नवदीप भाला फेंक एफ41 फाइनल में 40.80 के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे।
वहीं, निशानेबाज मनीष नरवाल ने मौजूदा टोक्यो खेलों में भारत के लिए तीसरा स्वर्ण पदक जीता और पैरालंपिक में नया रिकॉर्ड बना दिया है।
हरियाणा सरकार देगी करोड़ो का इनाम
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने टोक्यो पैरालिंपिक में 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण जीतने के लिए मनीष नरवाल और सिंहराज को रजत लेने के लिए सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। इसके अलावा मनीष को छह करोड़ रुपये और सिंहराज को चार करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। दोनों पदक विजेता राज्य के फरीदाबाद जिले के हैं। खट्टर ने कहा कि राज्य की खेल नीति के तहत पैरालंपिक खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार, सरकारी नौकरी और अन्य सुविधाएं अन्य खिलाड़ियों के बराबर हैं।