बूंदी: स्मार्टफोन पाकर खिले महिलाओं के चेहरे मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने वर्चुअल माध्यम से किया इंदिरा गांधी स्मार्ट फोन योजना का आगाज

बूंदी, 10 अगस्त। इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना का आगाज गुरुवार को मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने वर्चुअल माध्यम से किया। जिला मुख्यालय पर नैनवां रोड स्थित निजी रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने लाभार्थियों से संवाद किया। जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह में 35 महिलाओं को स्मार्टफोन भेट किए गए। स्मार्टफोन पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर, पूर्व वित्त राज्यमंत्री हरिमोहन शर्मा, नगर परिषद सभापति मधु नुवाल, उपसभापति लटूर भाई, अरबन कॉपरेटिव बैंक चेयरमैन सत्येश शर्मा, जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, शांति एवं अहिंसा विभाग के जिला संयोजक राजकुमार माथुर एवं राज्य मेला प्राधिकरण के सदस्य भरत शर्मा,ने शिरकत की।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने कहा कि इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना महिलाओं के प्रति राज्य सरकार का महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और सकारात्मक कदम पहल है। इससे महिलाओं को राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी मिलेगी। साथ ही स्मार्टफोन का महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग ले सकेंगी।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थी शिविर में जन आधार कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड व मोबाइल नंबर दस्तावेज के रूप में जरूर साथ लाएं। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक लाभार्थी को स्मार्टफोन उपलब्ध कराना हमारा दायित्व है। किसी को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 55113 स्मार्ट फोन वितरित किए जाएंगे।  
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिडवाल, उपखण्ड अधिकारी सोहनलाल,  डीओआईटी के संयुक्त निदेशक महेन्द्रपाल, शैलेश सोनी, मोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।