Kota: वीरांगनाओ पर आरोप लगाकर धारीवाल ने फिर अपमानित किया मातृशक्ति को:- गुंजल
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान
कोटा 13 मार्च। कोटा उत्तर पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने राजस्थान की विधानसभा में वीरांगनाओं को लेकर स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल द्वारा दिए गए बयान को बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।उन्होंने कहा कि सरकार के किसी भी मंत्री को वीरांगनाओं के चरित्र हनन का अधिकार नहीं है। वो वीरांगनाए जिन्होंने देश की सेवा के लिए अपने सुहाग को उजाड़ दिया हो उनके लिए इस सरकार में बिलकुल भी नैतिकता नहीं बची है इस सरकार के मंत्री लोकतंत्र के पवित्र सदन में खड़े होकर उन वीरांगनाओ का चरित्र हनन करें। मुझे लगता है कि सरकार का चाल चरित्र चेहरा यह बन गया है कि महिलाओं के प्रति इनके मन में सम्मान है ही नहीं। पूर्व में भी इन्हीं मंत्री जी ने सदन में बलात्कारियों को मर्द कहकर महिलाओं का अपमान किया था और अब वीरांगनाओ के ऊपर व्यंगात्मक टिप्पणी करते हुए बिना किसी तथ्यों के उन्हें आरोपित कर रहे हैं कि वह नाते चली गई थी मैं समझता हूं कि राजस्थान की जनता इस अपराध के लिए इन्हें किसी भी सूरत में माफ नहीं करेगी। साथ ही गुंजल ने कहा कि राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणा जो वीरांगनाओं व आमआदमी के अधिकार की लड़ाई लड़ते हैं विधानसभा में उन्हें आतंकी कहना लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली बात है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा व हाथ से हाथ जोड़ों की नौटंकी करने वाले कांग्रेसियों को शहीदों व उनकी वीरांगनाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले आतंकी नजर आते हैं तो मैं समझता हूं कि देश का इससे बड़ा दुर्भाग्य कोई और हो नहीं सकता। गुंजल ने कहा कि एक तरफ प्रियंका गांधी कहती है की लड़की हूं लड़ सकती हूं वहीं दूसरी तरफ जब वीरांगनाए अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रही हैं तो उन्हीं की सरकार के मंत्री धारीवाल नारी शक्ति का अपमान कर रहे हैं। पूर्व में भी महिलाओं के अपमान पर चुप रहने वाली प्रियंका गांधी क्या वीरांगनाओं के इस अपमान पर धारीवाल को दंडित करेगी।