आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं में करें लाभान्वित- संभागीय आयुक्त

-आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं में करें लाभान्वित- संभागीय आयुक्त


कोटा/झालावाड़ 13 मार्च। संभागीय आयुक्त उर्मिला राजोरिया की अध्यक्षता में बुधवार को विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संभागीय आयुक्त ने जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग की समस्त पत्रावलियों को ई-फाईलिंग सिस्टम में अपलोड करवाना सुनिश्चित करें। इसके लिए कोई भी संसाधन की आवश्यकता है तो उसकी डिमाण्ड विभाग में भिजवाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नियमानुसार गुणवत्ता के साथ समय पर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

संभागीय आयुक्त ने जिले के चल रहे निर्माण कार्यों एवं संचालित योजनाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने 100 दिवसीय कार्ययोजना के लक्ष्यों को पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

संभागीय आयुक्त ने शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, पंचायत राज, खनिज, सिंचाई, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, श्रम, कृषि, सार्वजनिक निर्माण, परिवहन इत्यादि विभागों द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा की।

जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि सभी अधिकारी संभागीय आयुक्त द्वारा बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सत्यनारायण आमेटा, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

संभागीय आयुक्त ने मिनी सचिवालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अतिरिक्त जिला कलक्टर शाखा, निर्वाचन, सामान्य एवं सहायता शाखा, आमद-रवानगी शाखा, एलआर शाखा, उपखण्ड कार्यालय सहित कलेक्ट्रेट की सभी शाखाओं का निरीक्षण किया। संभागीय आयुक्त ने उक्त शाखाओं में परिवादों के निस्तारण की स्थिति, ई-फाईलिंग एवं लम्बित प्रकरणों के निस्तारण में लगने वाले समय की जानकारी ली। उन्होंने इसके पश्चात मिनी सचिवालय स्थित समस्त कार्यालयों के उपस्थिति रजिस्टर भी चेक किए। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर सत्यनारायण आमेटा, उपखण्ड अधिकारी संतोष कुमार मीणा, संस्थापन अधिकारी रमेश चन्द्र सेन इत्यादि अधिकारी मौजूद रहे।

संभागीय आयुक्त ने किया सेटेलाईट अस्पताल का निरीक्षण
संभागीय आयुक्त ने झालरापाटन स्थित सेटेलाईट अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, सिजेरियन केस, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं से संबंधित जानकारी लेते हुए मेल वार्ड, डेन्टल कक्ष, सोनोग्राफी कक्ष, लेबर रूम आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भू दयाल मीणा, अस्पताल प्रभारी हरिप्रसाद लखवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।