Delhi: मंत्री सत्येन्द्र जैन का जेल में मसाज कराने वाला वीडियो सामने आया, बीजेपी ने साधा निशाना

जयपुर। भाजपा ने दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन के एक वीडियो को लेकर आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। सत्येंद्र जो कि कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मई में गिरफ्तार किया गया था और दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। हाल ही में जैन का एक वीडियो सामने आया जिसमें जैन जेल में मालिश करवा रहे थे। पार्टी के कई नेताओं ने बीजेपी के इस आरोप को दोहराते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप साझा की कि जैन जेल में विशेष उपचार का आनंद लेते हैं। वहीं, आप ने पलटवार करते हुए कह कि एक बीमार व्यक्ति के इलाज का तमाशा बना दिया है। भाजपा बेशर्म हो गई है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जेल में चोट लगने के बाद रीढ़ की हड्डी की दो सर्जरी कराने के बाद एक अस्पताल ने सत्येंद्र जैन को फिजियोथेरेपी की सलाह दी थी।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) 'स्पा और मसाज पार्टी' बन गई है, उन्होंने केजरीवाल को जेल में सत्येंद्र जैन के आचरण को समझाने की चुनौती दी। उन्होंने आप पर 'वीआईपी कल्चर' को लेकर ढोंग करने का आरोप लगाया।

भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अरविंद केजरीवाल अब कहां छिपे हैं। सत्येंद्र जैन को नियमों और जेल कानूनों का पूरी तरह से उल्लंघन करते हुए अपने सेल में मालिश का आनंद लेते और आगंतुकों से मिलते देखा जा सकता है। जेल में यह वीवीआईपी संस्कृति लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।"
वहीं, सिसोदिया ने गुजरात में आगामी विधानसभा चुनावों से "ध्यान भटकाने" के लिए वीडियो को "बीजेपी का स्टंट" कहा। वीडियो सामने आने के तुरंत बाद मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वीडियो लीक अदालत के निर्देशों के खिलाफ था। यह वीडियो तिहाड़ जेल के अधीक्षक अजीत कुमार को जेल में बंद मंत्री के कथित वीआईपी ट्रीटमेंट के लिए निलंबित किए जाने के कुछ दिनों बाद आया है।