बूंदी : डाबी में स्टेट हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन, मंगलवार से शुरू होगा बरूंधन चौराहे से राणा जी का गुडा सड़क निर्माण
ब्यूरो चीफ़ शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान
*विधायक डोगरा की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों की चेतावनी - यदि फिर बरती लापरवाही तो 5 मई को नेशनल हाईवे पर लगाएंगे जाम*
*करीब 2 घंटे तक बंद रहा डाबी लांबाखोह मार्ग, आधे घंटे तक चली समझाइश के बाद माने ग्रामीण*
बूंदी। नेशनल हाईवे 52 बरूंधन चौराहे से लक्ष्मीपुरा, डोरा, सूतड़ा, डाबी, लांबाखोह होते हुए राणा जी का गुड़ा तक बनने वाले स्टेट हाईवे 115 सड़क निर्माण की मांग को लेकर अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम अनुसार डाबी बरड क्षेत्र के लोगों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठ बूंदी विधायक अशोक डोगरा के नेतृत्व में डाबी में पटपडिया रोड पर बालिका छात्रावास के पास सड़क पर धरना लगाकर चक्का जाम करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गत दिनों 7 अप्रैल को बरड क्षेत्र के लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपते हुए सात दिवस में सड़क निर्माण शुरू करने की मांग करने के साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी थी। जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को 15 अप्रैल से सड़क निर्माण शुरू करने की बात कही थी। लेकिन अब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होने से गुस्साए ग्रामीणों ने डाबी में रविवार प्रातः 9:30 बजे पटपडिया रोड पर बालिका छात्रावास के पास रोड पर धरना लगाकर चक्का जाम कर दिया। हालांकि सड़क जाम की सूचना के पश्चात कुछ ही देर में पुलिस प्रशासन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर चक्का जाम हटाने की बात कही। लेकिन विधायक डोगरा की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे क्षेत्र के ग्रामीण सड़क निर्माण शुरू नहीं होने तक चक्का जाम पर अड़े रहे। करीब आधे घंटे तक चली समझाइश के बाद सहायक अभियंता मुकेश गोचर द्वारा 25 अप्रैल मंगलवार को निर्माण कार्य शुरु करने के आश्वासन के बाद करीब 11:30 बजे जाम हटाने पर सहमति बनी। जिसके पश्चात स्टेट हाईवे 115 पर यातायात बहाल हो पाया। वरिष्ठ भाजपा नेता राधेश्याम बेरागी, पूर्व मण्डल अध्यक्ष शंभू सिंह सोलंकी, गोपालपुरा सरपंच नेवा लाल गुर्जर, राजपुरा सरपंच अंबा लाल बैसला, गणेशपुरा सरपंच शंकर बंजारा, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सत्यनारायण सोलंकी, युवा मोर्चा जिला मंत्री विक्रम सिंह हाड़ा आदि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राजस्थान सरकार के उदासीनता पूर्ण रवैयै के चलते क्षेत्र के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बरूंधन चौराहे से लेकर राणा जी का गुड्ढा तक सड़क की हालत बद से बदतर हो गई लेकिन सरकार सड़क निर्माण को लेकर बार-बार घोषणा करती रही। सड़क निर्माण का कार्य बीते बरसों में घोषणा के आगे बढ़ ही नहीं पाया। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व स्थानीय ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण को लेकर फिर से लापरवाही बरती गई तो आगामी 5 मई को नेशनल हाईवे 27 पर अनिश्चितकाल के लिए चक्का जाम किया जाएगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन के साथ सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों की होगी। इस दौरान डोरा उपसरपंच मुकेश बंजारा, पंचायत समिति सदस्य देव लाल गुर्जर, देव लाल फागणा, भाजपा नेता शिवराज बैंस, चांदमल हरसोरा, गोपाल धाकड़, राजेश पोखरणा, रमेश गुर्जर धोरेला, मंडल महामंत्री पप्पू भाट, विरेन्द्र शर्मा, संजय मेवाड़ा, सुरेश सुवालका, डाबी पूर्व उपसरपंच गजराज सिंह हाड़ा, ओबीसी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मांगी लाल धाकड़, आईटी सेल प्रभारी महेंद्र प्रजापत, रमेश मेहता, श्याम लाल मेहता, नानू ओढ़, राजेश बेरागी, अनिल धाकड़, लोकेश राठोर, पप्पू बंजारा देवजी का खेड़ा, मंत्री नेवा लाल गुर्जर, मुकेश मेघवाल, देवी लाल भील थड़ी, मुकेश जंगम सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।