कंगना रनौत की बढ़ सकती हैं मुश्किले, जावेद अख्तर केस में दायर याचिका खारिज

जयपुर। बॉलिवुड अभिनेता कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही है। भारतीय कवि और गीतकार जावेद अख्तर ने कंगना के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया था और इस मामले को रद्द करने के अनुरोध में कंगना ने कोर्ट मे याचिका दायर की थी जिसे आज बॉम्बे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। बता दें कि जावेद अख्तर ने पिछले साल नवंबर में अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष कंगना रनौत के खिलाफ एक आपराधिक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कंगना ने एक टेलीविजन इंटरव्यू के दौरान उनके खिलाफ अपमानजनक और निराधार टिप्पणी की थी।
उच्च न्यायालय द्वारा कंगना को कोई भी राहत देने से इनकार करते हुए अगले सप्ताह मंगलवार 14 सितंबर को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश होने का आदेश जारी किया है।
बता दें कि मुंबई में मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने पिछले हफ्ते 1 सितंबर को पूर्व राज्यसभा सांसद जावेद अख्तर द्वारा उनके खिलाफ दायर मानहानि के मामले में उन्हें उपस्थित रहने के लिए कहा था। लेकिन कंगना कोर्ट में नही पंहुची और सुनवाई में देरी हुई। अब अदालत ने उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर अगली सुनवाई में कंगना रानोत मौजूद नहीं होती हैं तो उनके खिलाफ वारंट जारी किया जाएगा।
कंगना रानौत के वकील ने कहा कि मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ने बिना कोई कारण बताए सीआरपीसी की धारा 202 (1) के तहत उनके खिलाफ जांच का आदेश दिया था और जावेद अख्तर के गवाहों की शपथ के तहत जांच नहीं की गई थी।