बूंदी, 2 मार्च। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई त्रि स्तरीय जन सुनवाई व्यवस्था के तहत गुरुवार को केशोरायपाटन उपखंड की
ग्राम पंचायत चरडाना स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र में पंचायत स्तरीय जन सुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने आमजन की समस्याओं को सुना और जन सुनवाई में मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जन सुनवाई के दौरान खेल मैदान, रास्ते से अतिक्रमण हटवाने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ,आबादी विस्तार ,पट्टे , नामांतरण खुलवाने, चारागाह भूमि, खाद्य सुरक्षा, इंदिरा आवास योजना ,सामाजिक पेंशन प्राप्ति, बिजली के पोल हटवाने, खातेदारी भूमि से अतिक्रमण हटवाने, नालियों की सफाई करवाने सहित लगभग 26 प्रकरण प्राप्त हुए।
जन सुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने गांव में साफ सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को पंचायत मुख्यालय सड़क का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही चरडाना से बाझडली की सड़क भी बनाई जावे। उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय अरडाना के कमरों की छत की मरम्मत करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कचरा निस्तारण केंद्र के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कचरा प्रबंधन एवं नालियों की समय पर सफाई की जावे।
गिरिराज व बाबूलाल के नामांतरण प्रकरण का हुआ निस्तारण
पंचायत चरडाना में हुई जन सुनवाई में ग्रामीण गिरिराज व बाबूलाल को मौके पर ही राहत मिल गई। दोनों की ओर से जन सुनवाई में उपस्थित होकर नामांतकरण खुलवाने का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। जन सुनवाई कर रहे जिला कलक्टर ने मौके पर संबंधित पटवारी को निर्देश दिए प्रदान किए, तो हाथों हाथ दोनों के नामांतकरण प्रकरण निस्तारण हो गया। जन सुनवाई में मौके पर ही हुए समस्या के समाधान के लिए गिरिराज व बाबूलाल ने राज्य सरकार की जन सुनवाई व्यवस्था की तारीफ करते हुए राज्य सरकार व जिला प्रशासन का आभार भी जताया।
जन सुनवाई के दौरान उपखंड अधिकारी नरेंद्र कुमार मीना ,तहसीलदार प्रीतम मीना, सरपंच सुनीता मीणा ,ब्लॉक सीएमओ जितेंद्र सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग विभिन्न विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।