संवाददाता विष्णु भारद्वाज
बारां 30 दिसम्बर। कोटा रोड स्थित बमूलिया गांव में श्री जय त्रिभुवन विमल विहार तीर्थधाम का निर्माण करवाया जा रहा है। इस निर्माणाधीन परिसर में आगामी 3 जनवरी सोमवार को महामांगलिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर बारां के लिए पधार रहे आचार्य भगवंतों को लेने श्रीमती उर्मिला जैन भाया बुधवार को मध्यप्रदेश के बडौद पहुंची। शुक्रवार को आचार्य भगवंत का बारां में मंगल नगर प्रवेश होगा।
श्री गुणवर्धन शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन श्वेताम्बर तीर्थ ट्रस्ट के मंत्री राजेन्द्र रंगावत ने बताया कि कोटा रोड स्थित ग्राम बमूलिया में श्री जय त्रिभुवन विमल विहार तीर्थधाम का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। इस पावन पवित्र प्रांगण में 3 जनवरी सोमवार को भव्य महा मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जैन आचार्यदेव श्री विश्वरत्न सागर सूरिश्वरजी महाराज साहब एवं आचार्य भगवंत बारां के लिए पधार रहे है। आचार्य भगवंतों को लेने के लिए जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया बुधवार को मध्यप्रदेश के बडौदा पहुंची तथा आचार्य भगवंतों के चरण वंदन कर उनका आत्मिक स्वागत किया।
जैन आचार्यदेव श्री विश्वरत्न सागर सूरीश्वर जी महाराज साहब आदि ठाणा 31 दिसम्बर शुक्रवार को प्रातः 8 बजे बारां में मंगल नगर प्रवेश करेंगे जिनकी राहुल प्लास्टिक इण्डस्ट्रीज, मांगरोल रोड बायपास बारां पर नास्ता नवकारसी होगी। इसके पश्चात खान, पेट्रोलियम एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया, जिला प्रमुख एवं अध्यक्ष गुणवर्धन शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन श्वेताम्बर तीर्थ ट्रस्ट के श्रीजी चौक स्थित निजी आवास पर प्रवचन होंगे तथा मंदिर श्री चन्द्रप्रभू स्वामी जी पर आचार्य भगवंत का ठहराव होगा।