डीएम श्रुति भारद्वाज ने सफाई महाअभियान के तहत किया जिले में भ्रमण

-कल डीग किले से विधिवत रूप से शुरू किया जाएगा कैंपेन

डीग, जिला कलेक्टर श्रीमती श्रुति भारद्वाज ने मंगलवार को जिले के प्रमुख स्थलों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्थाओ का जायजा लिया।बता दें कि डीग में कल से विधिवत रूप से स्वच्छता महाअभियान शुरू होने जा रहा है, जिसके सिलसिले में आज श्रीमती भारद्वाज ने खुद जिला मुख्यालय में प्राचीन किला, नई सड़क, मेला मैदान, बस स्टैंड, डाकघर आदि स्थानों का दौरा किया एवं सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सफाई के लिए कई हॉटस्पॉट्स का चिन्हिकरण भी किया, जिनकी कल से पूर्ण रूप से सफाई की जाएगी।

जिला कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ गली मोहल्लों में जाकर सफाई की स्थिति की जानकारी ली एवं अभियान के प्री एक्टिविटी के क्रम में जिले के प्रत्येक प्रमुख स्थलों का अवलोकन किया।इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, आमजन और सफाई कर्मचारियों से बातचीत की और आवश्यक फीडबैक लिया। उन्होंने मुख्य रूप से मथुरा, वृंदावन एवं निकटतम क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं, आमजन एवं जिलेवासियों को यातायात और गंदगी के कारण आने वाले समस्याओं को देखते हुए सफाई व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है।

सफाई महाअभियान से गणमान्य नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा जिससे उन्हें अपने दैनिक दिनचर्या में आने वाली परेशानियों का सामना नही करना पड़ेगा एवं स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी या लाभदायक रहेगा। अभियान में विशेष रूप से डीग की धरोहर जलमहल को ओर अधिक गरिमामय एवं आकर्षक बनाने पर फोकस किया जाएगा साथ ही अन्य पर्यटन स्थलों एवं महत्वपूर्ण स्थानों की भी सफाई की जाएगी।इस अवसर पर उपखंड अधिकारी डीग रवि गोयल, नगर परिषद आयुक्त मनोज मीना, विकास अधिकारी आरती गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।