प्राप्त लक्ष्यों की समय पर प्राप्ति सुनिश्चित हो - अतिरिक्त जिला कलक्टर
-अल्पसंख्यकों के कल्याणार्थ 15 सूत्रीय कार्यक्रम की तृतीय समीक्षा बैठक संपन्न
बून्दी, 13 मार्च। प्रधानमंत्री जी के अल्पसंख्यकों के कल्याणार्थ 15 सूत्रीय कार्यक्रम की तृतीय समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। जिसमें जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर घनश्याम शर्मा ने कहा कि संबंधित विभागों की विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत लक्ष्यों एवं परिव्यय का लगभग 15 प्रतिशत अल्पसंख्यकों के लिए तय समय पर अर्जित करें तथा आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अधिकाधिक ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करें ताकि योजनाओं से अधिकाधिक अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र व्यक्ति लाभ उठा सकें।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी त्रिलोक चन्द मीणा ने बताया कि विभागों से 15 प्रतिशत बजट राशि अल्पसंख्यकों पर कल्याण के लिए खर्च करने पर जोर दिया तथा सरकारी योजनाओं के आवंटन लक्ष्यों को समय पर अर्जित करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि बैठक में जिला परिषद, पुलिस विभाग, चिकित्सा विभाग, पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, लीड बैंक, उद्योग विभाग, कॉपरेटिव बैंक, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजीविका आदि सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों/प्रतिनिधियों ने भाग लिया।