विकास कार्यों से बूंदी के विकास को मिल रही नई दिशा - हरिमोहन शर्मा
बूंदी, 18 जनवरी। पूर्व वित्तराज्यमंत्री हरिमोहन शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करने में कोई कमी नहीं रख छोड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ ही बूंदी में हो रहे विकास कार्यों से बूंदी शहर के चहुंमुखी विकास को नई दिशा मिल रही है। श्री शर्मा बुधवार को कुंभा स्टेडियम में लगभग 11 करोड़ की लागत से बनने वाले नये नगर परिषद भवन के शिलान्यास समारोह को मुख्य अतिथि पद से सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विकास की दौड़ में राज्य सरकार कभी पीछे नहीं रही। महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक योजनाएं संचालित है। इसी कड़ी में अब राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को मोबाइल उपलब्ध कराए जाएंगे। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी बीमा योजना आमजन को इलाज की चिंता से मुक्त कर दिया है। प्रदेश के बड़े से बड़े अस्पताल में गरीबों का मुफ्त इलाज होता है। ंइसके अलावा दुर्घटनाओं में मृतकों के आश्रितों को अब 5 लाख रूपये की आर्थिक मदद देकर बड़ी राहत दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि बूंदी के सर्वांगीण विकास के लिए 110 करोड़ की लागत के कार्य भी जल्दी शुरू होंगें। इस राशि से शहर में सीवरेज, सौंदर्यीकरण, ड्रेनेज, नाले व अन्य कार्य होंगे। इन कार्यों से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी और बूंदी का विकास होगा। सबके सहयोग से बूंदी के विकास को पंख लगेंगे। सभी मिलकर सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में विकास की गति को बढाने के लिए कार्य करेंगे। विकास के लिए कठिनाईयों पर विचार करना जरूरी है और विकास पर चर्चा होनी चाहिए।
समारोह में नगर परिषद सभापति मधु नुवाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किए जा रहे है। शहरी क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को रोजगार देने के लिए इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के माध्यम से राहत दी है। वर्तमान में गरीबों के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ रहे है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का नया भवन बनने से कार्यों का आसानी से निस्तारण होगा।
अरबन कॉपरेटिव बैंक के चेयरमेन सत्येश शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने चिरंजीव योजना के माध्यम से गरीबों को लाभ दिया है। लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को राहत दी है। राज्य सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई है। उन्होंने कहा कि आगामी अप्रेल माह से 500 रूपए में सिलेण्डर मिलेगा। राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ 35 लाख महिलाओं को मोबाइल मय इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास के व्यापक कार्य करवाए जा रहे है। बूंदी के विकास के लिए बड़ी संख्या में विकास करवाए जा रहे है।
समारोह को सम्बोधित करते हुए राजस्थान बीज निगम के निर्देशक चर्मेश शर्मा ने कहा कि लगभग 11 करोड़ की लागत से नगर परिषद का आधुनिक सुसज्जित भवन निर्मित होगा। इससे आमजन को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के साथ ही साथ ही बूंदी में भी विकास के आयाम स्थापित कर रही है। प्रशासन शहरों के संग अभियान से बूंदी शहर के विकास को गति मिली है।
ऐसा होगा नगर परिषद का नया भवन
नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि कुम्भा स्टेडियम नगर परिषद कार्यालय का नवीन भवन लगभग 11 करोड़ की लागत से निर्मित होगा। नवीन भवन में मजबूत ड्रेनेज सिस्टम, पानी की व्यवस्था हेतु बोरिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, फायर फाइटिंग सिस्टम होगें। उन्होंने बताया कि 6 बीघा भूमि पर सम्पूर्ण सुविधायुक्त एवं उन्नत तकनीक से भन निर्मित होगा। इसमें 4 वीडियो कॅन्फ्रेन्सिंग रूम, एक मिटिंग हॉल तथा 30 से अधिक ए.सी. सुविधा से युक्त कार्यालय कक्ष बनेंगे। इसके अलावा 32 चारपहिया तथा तथा 72 दुपहिया वाहनों के पार्किंग तथा संपूर्ण नगर परिषद भवन में सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगाए जाऐंगे।
समारोह में उपसभापति लटूर भाई, पूर्व प्रधान भगवान नुवाल, रामकिरण मीणा, प्रेम शंकर राठौर, वरिष्ठ पार्षद टीकम जैन, देवराज गोचर, ममता शर्मा, लोकेश सिंह, जितेन्द्र मीणा, इरफान इलू, अनवर, संध्या रावल, विजय सिंह, रामराज अजमेरा, शांति सोनी सहित जनप्रतिनिध एवं आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय तम्बोली ने किया।
------