गंदे पानी से भरी बोतलें लेकर जलदाय विभाग पहुंचे झालाना ग्राम की कच्ची बस्ती के लोग, स्वच्छ पेयजल की मांग
जयपुर। मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के झालाना ग्राम स्थित कच्ची बस्ती में दूषित पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि नलों से लगातार बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है, जिससे लोगों को मजबूरी में वही पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
समस्या से परेशान स्थानीय निवासी गंदे पानी से भरी हुई बोतलें लेकर जलदाय विभाग, मालवीय नगर कार्यालय पहुंचे और विभाग के जेईएन को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने अधिकारियों के सामने गंदे पानी की बोतलें रखकर वास्तविक स्थिति से अवगत कराया और कहा कि जब यही पानी पीने के लिए मिल रहा है तो आमजन का स्वास्थ्य खतरे में पड़ना स्वाभाविक है।
ज्ञापन में क्षेत्र की जलापूर्ति लाइन की तत्काल जांच, दूषित पानी की आपूर्ति रोकने, पाइपलाइन की मरम्मत कराने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की गई। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
जलदाय विभाग के अधिकारियों ने शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि समस्या की जांच कर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।