भारत बनाम जिम्बाब्वे मैच अगर बारिश से रद्द होता है तो यह रहेगा सेमीफाइनल का सीन

जयपुर। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2022 के ग्रुप 2 से सेमीफाइनल क्वालीफिकेशन की दौड़ में बांग्लादेश को हराकर बड़ी छलांग लगाई। लेकिन, अभी तक सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की नहीं कर पायी है। पाकिस्तान, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका अभी भी मैदान में हैं। हाल ही पाकिस्तान ने अफ्रीका को हराया जिससे उनकी उम्मीदें भी सेमीफाइनल में पहुंचने की बनी हुई हैं। आइये विश्वकप में ग्रुप 2 की टीमों का सेमीफाइनल में पहुंचने का पूरा माजरा समझते हैं।
अगर भारत अपने आखिरी सुपर 12 मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ जीतता है, तो वह ग्रुप टॉप के साथ सेमीफाइनल में जगह बना लेगा। और अगर मैच में बारिश खलल डालती है तो भी भारत को एक अंक मिलेगा और सेमी के लिए क्वालीफाइ कर लेगा।
भारत के नाम फिलहाल 6 अंक हैं और वह नंबर 1 स्थान पर काबिज है जबकि दक्षिण अफ्रीका (5 अंक) और पाकिस्तान (4 अंक) क्रमशः नंबर 2 और नंबर 3 स्थान पर है। अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का मै धुलता है तो दोनों टीमें एक अंक साझा करेंगी। ऐसे में भारत सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेगा, लेकिन ग्रुप विजेता के तौर पर आगे बढ़ना तय नहीं होगा। बेहतर नेट रन रेट की बदौलत दक्षिण अफ्रीका के पास ऐसे मामले में नीदरलैंड को हराकर ग्रुप में नंबर 1 स्थान हासिल करने का मौका होगा।

साथ ही पाकिस्तान और बांग्लादेश मैच का विजेता इस स्थिति में सेमीफाइनल में तभी पहुंच सकता है जब दक्षिण अफ्रीका नीदरलैंड से हार जाए। और यदि अफ्रीका नीदरलैंड से मैच जीतती है तो वह पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों को टूर्नामेंट से बाहर कर देगी क्योंकि दक्षिण अफ्रीका और भारत दोनों के पास 7 अंक होंगे।

यह भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि टी 20 विश्व कप में ग्रुप मैचों में से किसी के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। केवल सेमीफाइनल और फाइनल में बारिश की स्थिति में रिजर्व डे का प्रावधान है।