कोटा 6 मई। राज्य सरकार द्वारा आमजन को महंगाई से राहत देने के लिए महंगाई राहत शिविर एवं प्रशासन गांवों के संग एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान 30 जून तक चलाया जा रहा है। अभियान के अन्तर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन को विभिन्न योजनाओं में लाभ देकर राहत प्रदान की जा रही है। इन शिविरों में आमजन की उत्साहजनक भागीदारी देखी जा रही है।
शनिवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं निकाय क्षेत्रों में लगाये गये शिविरों में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 10 योजनाओं के लिए बढे हुए लाभों की गांरटी के लिए पंजीकरण किये गये, वहीं प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान के तहत पट्टे वितरण एवं अन्य समस्याओं का निस्तारण कर राहत दी गई। नगर निगम कोटा दक्षिण द्वारा वार्ड नंबर 9 के ग्राम रानपुर में सरकारी स्कूल में महंगाई राहत कैंप दूसरे दिन भी भारी उत्साह देखा गया। अतिरिक्त आयुक्त राजेश डागा ने बताया कि कैंप में पधारे ग्राम वासियों से उपमहापौर पवन मीणा ने बातचीत कर महंगाई राहत कैंप में मिलने वाले लाभ और योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। उप महापौर ने स्थानीय ग्राम वासियों को 14 आवासीय पट्टे वितरित किए। दो दिवस में कुल 28 पट्टे प्रदान किए गए।
कैंप में ग्राम रानपुर के साथ-साथ ग्राम लखावा, जगपुरा, रेतिया चौकी डोलिया के ग्राम वासियों ने पंजीकरण करवाया। महंगाई राहत कैंप में आमजन को मिलने वाली योजनाओं का लाभ से ग्रामवासी बहुत खुश नजर आए। कई लाभार्थी ऐसे भी थे जिन्हें 10 में से 8 योजनाओं का लाभ मिला । दो दिनों में लगभग 1170 लाभार्थियों के गारंटी कार्ड जारी किए गए।
8 व 9 मई को यहां लगेंगे महंगाई राहत शिविर
राज्य सरकार द्वारा आमजन को महंगाई से राहत देने के लिए महंगाई राहत शिविर एवं प्रशासन गांवों के संग एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान 30 जून तक चलाया जा रहा है। इसके अन्तर्गत आगामी 8 व 9 मई को विभिन्न ग्राम पंचायत मुख्यालय एवं निकाय क्षेत्रों में शिविर का आयोजन किया जायेगा।
जिला कलक्टर ओपी बुनकर ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं निकाय क्षेत्र में दो दिवसीय शिविर लगाये जा रहे है। इनके अलावा जिलेभर में स्थायी शिविर भी प्रमुख स्थानों पर संचालित है। इसके अन्तर्गत 8 व 9 मई को पंचायत समिति लाड़पुरा की ग्राम पंचायत मांदलिया, सुल्तानपुर की पडासल्या, ईटावा की अयानी, सांगोद की लटूरी व मोईकलां एवं खैराबाद की धरनावद में शिविर आयोजित किये जायेंगे। नगर निगम कोटा उत्तर में वार्ड 32 का देवनारायण सामुदायिक भवन, 23 का भदाना आवासीय स्कीम तथा वार्ड 14 का प्रेमनगर आवासीय योजना में शिविर लगाया जायेगा। कोटा दक्षिण में वार्ड 2 का शिविर मौलाना आजाद सामुदायिक भवन, वार्ड 10 का राजकीय विद्यालय जगपुरा, वार्ड 68 का श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन में शिविर लगाये जायेंगे।
इसी प्रकार नगर पालिका इटावा में 8 व 9 मई को वार्ड 6 का शिविर फायर स्टेशन बायपास, तथा वार्ड 7 का शिविर 9 व 10 मई को जलदाय विभाग गेंता रोड पर लगाया जायेगा। नगर पालिका सांगोद में वार्ड 21 का शिविर 8 व 9 मई को रामदेव मंदिर में, नगर पालिका कैथून का वार्ड 6 का शिविर ईदगाह चौक, सुल्तानपुर में वार्ड 5 का शिविर वीर तेजाजी मेला ग्राउण्ड तथा रामगंजमंडी में वार्ड 9 व 10 का शिविर चौथ माता मंदिर प्रांगण।
नंद कंवर बाई को अब मिलेगा सस्ता सिलेंडर और बिजली बिल भी होगा कम
मंहगाई राहत शिविर में आठ योजनाओं के लाभ की मिली गारंटी
कोटा दक्षिण के वार्ड 9 में रानपुर में आयोजित मंहगाई राहत शिविर में नंद कंवर बाई अपनी लाचारी लेकर पहुंची लेकिन शिविर से लौटीं तो आठ योजनाओं में लाभ की गारंटी के साथ। मुस्कुराते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के प्रति बार-बार धन्यवाद दिया।
नगर निगम उपायुक्त राजेश डागा ने बताया कि नंद कंवर बाई ने अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में बताया तो उन्हें आठ योजनाओं में लाभ के लिए पात्र पाया। इस पर हाथों हाथ उनका उक्त योजनाओं में पंजीकरण किया गया। इससे उन्हें अब अन्नपूर्णा योजना के अन्तर्गत राशन किट, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा एवं चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना, 100 यूनिट बिजली फ्री, इन्दिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना, इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार योजना, कामधेनु पशु बीमा योजना, 1000 रूपए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ मिलेगा। इन योजनाओं के गारंटी कार्ड पाकर नंद कंवर मुस्कुरा उठी और बोलीं, अब चिंता मिट गई। इन योजनाओं से गृहस्थी चलाने में बहुत सहारा मिलेगा।
मंहगाई राहत शिविर ने मिटाई रोडीबाई की चिंता
एक साथ 9 योजनाओं में लाभान्वित हुई
मंहगाई राहत शिविर के अन्तर्गत शनिवार को मोडक स्टेशन पर आयोजित शिविर रोडीबाई को आत्मविश्वास से भर गया। निराशा के साथ शिविर में आई रोडी बाई शिविर से 9 योजनाओं में लाभ की गारंटी हाथ में लेकर गई तो प्रसन्नता से उसकी आंखें भर आई और बारम्बार सरकार को धन्यवाद व्यक्त किया।
मोडक स्टेशन निवासी रोडी बाई पत्नी दिनेश नरेगा में मजदूरी करके गुजारा करती है। मजदूरी करके वह बमुश्किल अपने परिवार का भरणपोषण कर पा रही है। तंगहाली के कारण वह टूट सी गई थी। मंहगाई राहत शिविर की जानकारी मिली तो वह राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने यहां आ पहुंची। उन्हें अंदाजा नहीं था कि एक साथ नौ योजनाओं का लाभ उन्हें मिल जाएगा। उनकी पात्रता के आधार पर इन शिविरों में दी जा रही ग्रामीण क्षेत्र वाली सभी योजनाओं में लाभ की गारंटी उन्हें दी गई।
उपखण्ड अधिकारी रामगंजमंडी कनिष्क कटारिया एवं विकास अधिकारी हेमश्री ने उन्हें नौ योजनाओं के गारंटी कार्ड सौंपे तो खुशी से वह बोली कि इतनी सारी योजनाओं का लाभ मिलने से उनकी चिंताएं मिट गईं। इस राहत से होने वाली बचत के पैसों को वह जरूरी कामों के लिए जोड कर रखेंगी।
दृष्टिहीन श्रद्धा मालव के लिए वरदान बना प्रशासन गांव के संग अभियान
प्रशासन गांव के संग एवं महंगाई राहत शिविर शनिवार को ग्राम पंचायत रेलगांव पंचायत समिति सुल्तानपुर में आयोजित किया गया। शिविर में रेलगांव की दृष्टिहीन श्रद्धा मालव जब अपने पिता के साथ अपनी समस्याओं को लेकर शिविर प्रभारी के पास आई तो शिविर प्रभारी ने सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कानाराम चौधरी को दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने एवं दिव्यांग सहायक उपकरण दिलाने हेतु निर्देशित किया सामाजिक सुरक्षा अधिकारी ने दृष्टिहीन श्रद्धा मालव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा विभाग से समन्वय कर ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करवाकर लाभार्थी श्रद्धा को ब्लाइंड स्टिक देकर सहायता की और दिव्यांग बालिका के अध्ययन हेतु ब्रेल लिपि विद्यालय में प्रवेश दिलाने हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई ।
यही नहीं श्रद्धा मालव के परिवार को भी महंगाई राहत शिविर के तहत मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा, मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना के तहत प्रति पशु का 40 हजार रूपये का बीमा, घरेलू बिजली में 100 यूनिट बिजली फ्री, मनरेगा में 125 दिन का रोजगार, कृषि बिलों पर 2000 यूनिट बिजली फ्री, चिरंजीवी दुर्घटना बीमा राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख, इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के तहत 500 रुपए में गैस सिलेंडर एवं दिव्यांग सुरक्षा पेंशन 1000 हजार रूपये सहित इन सभी योजनाओं में लाभान्वित किया गया। इस पर दिव्यांग श्रद्धा एवं उसके परिवार ने सरकार को दिया धन्यवाद!