बूंदी: जिला स्तरीय जन सुनवाई में जिला कलक्टर ने समस्याएं सुन मौके पर ही किया समाधान, आमजन को दी राहत

ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा

बूंदी राजस्थान

त्रि-स्तरीय जन सुनवाई

- जन सुनवाई में लगभग 75 परिवेदनाएं हुई प्राप्त

बूंदी, 16 फरवरी। आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए शुरू हुई त्रि-स्तरीय  जनसुनवाई व्यवस्था के तहत गुरूवार को जन सुविधा केन्द्र में जिला स्तरीय जन सुनवाई का आयोजन हुआ। इसमें जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने आमजन की समस्याएं सुनी और कई  समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर राहत प्रदान की। इस दौरान जिले के उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी भी वीसी के माध्यम से जन सुनवाई से जुडे रहे। जन सुनवाई के दौरान लगभग 75 समस्याएं प्राप्त हुई।
उन्होंने निर्देश दिए कि बक्शपुरा गांव में अधूरे नाली निर्माण कार्य जांच करवाकर तुरंत पूर्ण कराया जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का अतिशीघ्र निस्तारण कर लाभान्वित किया जावे। जन सुनवाई के दौरान गंदे पानी की निकासी, पशुपालन ऋण, मुआवजा राशि दिलाने, मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, पट्टा बनवाने, अतिक्रमण हटाने, छात्रवृति दिलाने, श्रमिक कार्ड बनवाने, विकलांग प्रमाण पत्र बनवाने, रास्ते संबंधी प्रकरणों, पानी की निकासी, किसान सम्मान निधि, बैंक से नो ड्यूज दिलवाने, सीमाज्ञान, इंतकाल खुलाने, खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने संबंधी समस्याएं आमजन ने जिला कलक्टर को बताई। इनमें कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा अन्य के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीध्र समाधान कर राहत देने के निर्देश दिए।
जन सुनवाई के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कुमार चौधरी, उपखण्ड अधिकारी सोहनलाल, पुलिस उपअधीक्षक हेमंत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक राकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता वीके जैन, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।