Bundi: खेल राज्यमंत्री ने नैनवां जन सुनवाई में सुनी आमजन की परिवेदना, मौके पर ही समाधान कर दी राहत
ब्यूरो चीफ़ शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान
बूंदी, 2 अगस्त। युवा मामले एवं खेल, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राज्यमंत्री श्री अशोक चांदना ने बुधवार को नगर पालिका नैनवां के सभागार में जनसुनवाई कर आमजन के अभाव अभियोग सुने और उनका मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत दी।राज्यमंत्री ने जन सुनवाई में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान कर राहत पहुंचाई जाएं। राज्य सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का पात्र लोगों को पूरा लाभ मिले। इन योजनाओं से ऐसा कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहे। इस बात का विशेष ध्यान रखा जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि नैनवां शहरी क्षेत्र में अगले एक माह में सभी घरों मे पेयजल कनेक्शन करवाना सुनिश्चित करें। भूखंडों के आवासीय पट्टे जारी करने के निर्देश दिए।राज्य मंत्री श्री चांदना ने कहा कि नैनवां शहर को कीचड़ मुक्त करने के लिए सड़कों का निर्माण हो। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन भी लोगों के बिजली कनेक्शन संबंधी प्रकरण लंबित है उन्हे तुरंत प्रभाव से निस्तारित किया जावे। साथ ही घरों के ऊपर से निकल रही हाई टेंशन लाइन को शिफ्ट किया जाए। उन्होंने पुलिस उप अधीक्षक को निर्देश दिए कि चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने के पश्चात यदि कोई व्यक्ति वापस से अतिक्रमण करता है तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो।
जन सुनवाई के दौरान सड़कों पर ग्रेवल डालने, छात्रवृति, खेत के लिए रास्ते से अतिक्रमण हटाने, नाली निर्माण, आंगनबाडी, सड़क से अतिक्रमण हटाने, बिजली बिल संबंधी आदि से संबंधित 194 परिवेदना प्राप्त हुई। इनके संबंध में राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निस्तारण कर राहत देने के निर्देश दिए। कुछ समस्याओं का उन्होंने मौके पर ही समाधान भी किया।
जन सुनवाई के दौरान नगरपालिका चेयरमेन प्रेम बाई गुर्जर, उपाध्यक्ष आबिद हुसैन. नैनवां उपखंड अधिकारी शत्रुघ्न सिंह गुर्जर, पुलिस उप अधीक्षक योगेश चौधरी, विकास अधिकारी सरोज बैरवा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।