Bundi: इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना में 1.37 करोड़ से अधिक ऋण आवेदन बैंकों को भिजवाए

ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा 

बूंदी राजस्थान

‘घर बैठे गंगा आने’ जैसे साबित हुए समर्थ मेगा कैंप

- इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना में 1.37 करोड़ से अधिक ऋण आवेदन बैंकों को भिजवाए

- 349 जॉब कार्ड मौके पर बनाकर किए जारी

-223 का मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना में हुआ पंजीकरण

बूंदी, 8 फरवरी। जिले के शहरी क्षेत्रों में राज्य सरकार की इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, इंदिरा गांधी क्रेडिट कार्ड योजना तथा मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से एक ही स्थान पर लाभान्वित करने के लिए जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की पहल पर आयोजित ‘समर्थ’ मेगा कैंप शहरी क्षेत्र के बासिदों के लिए घर बैठे गंगा आने जैसे साबित हुए है। मेगा कैंपों जहां जरूरतमंद लोगों को रोजगार मिला, वहीं स्वयं का रोजगार कर आत्मनिर्भर बनने वाले युवाओं को मौके पर ही ऋण आवेदन लेकर राषि स्वीकृत की गई। साथ ही चिरंजीवी स्वाथ्य बीमा योजना में पंजीकरण कर लाभान्वित भी किया गया।

सभापति ने बूंदी नगर परिषद में वितरित किए जॉब कार्ड

बूंदी नगर परिषद में आयोजित ‘समर्थ’ मेगा कैंप का नगर परिषद सभापति मधु नुवाल ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने यहां संपादित किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। सभापति ने इस दौरान इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को रोजगार के लिए जॉब कार्ड वितरित कर लाभान्वित किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कुमार चौधरी, उपखण्ड अधिकारी सोहनलाल, नगर परिषद आयुक्त महावीर सिंह सिसोदिया आदि मौजूद रहे।

जिला कलक्टर ने लिया कैंपों का जायजा

नगरपालिका इन्द्रगढ़ व लाखेरी में आयोजित ‘समर्थ’ मेगा कैंपों में संपादित किए जा रहे कार्यों का जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्हांेने कैंप में जरूरतमंद लोगों को रोजगार के लिए जॉब कार्ड उपलब्ध कराए। इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि शहरी क्षेत्र के लोगों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अधिकाधिक लाभान्वित करने की दिशा में समर्थ कैंप मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने बताया कि बुधवार को आयोजित मेगा कैंपों में आमजन को योजनाओं का लाभ मिलने से बड़ी राहत मिली है।  
बुधवार को नगरीय क्षेत्रों में आयोजित समर्थ मेगा कैंपांे में इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना में 1 करोड़ 37 लाख 50 हजार राशि के ऋण आवेदन स्वीकृत कर बैंकों को भिजवाए गए। साथ ही इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में रोजगार पाने के इच्छुक जरूरतमंद लोगों के 349 जॉब कार्ड बनाकर मौके पर ही जारी किए गए। नगरीय क्षेत्रों में सुबह से मेले जैसा माहौल बना रहा। योजनाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी मेगा कैंपों में पहुंचे और योजनाओं का लाभ लेकर खुश होकर अपने घरों को लौटे। नगर निकायों व विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने दिनभर शिविर में मौजूद रहकर आमजन को योजनाओं से लाभान्वित किया।
1.37 करोड़ के ऋण, 349 जॉब कार्ड, 223 का चिरंजीवी योजना में पंजीकरण
नगर परिषद बूंदी में इंद्रा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजनान्तर्गत ब्याज मुक्त 50 हजार रूपए की ऋण राशि के 216 आवेदन, इन्द्रगढ़ में 6, नैनवां में 17 , लाखेरी में 27 तथा केशवरायपाटन नगरपालिका में 9 ऋण आवेदन स्वीकृत कर बैंकों को भिजवाए गए। इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत बूंदी नगर परिषद में 97, इन्द्रगढ़ में 11, नैनवंा में 51, लाखेरी में 153, काप्रेन में 5 तथा केशवरायपाटन में 32 जॉब कार्ड बनाकर वितरित किए गए। इसी तरह मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत बूंदी में 62, नैनवां में 9, लाखेरी में 5, इन्द्रगढ़ में 116, काप्रेन में 5 तथा के.पाटन में 26 पंजीकरण किए गए।

इन्द्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण

जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने बुधवार इन्द्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने चिकित्सा प्रभारी को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा आमजन के स्वास्थ्य के लिए संचालित निशुल्क जांच, दवा सहित सभी योजनाओं का सुचारू लाभ मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सालय परिसर में साफ सफाई रहे। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अस्पताल की ओपीडी, वार्ड, लेबर रूम का अवलोकन किया और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में चिकित्सा प्रभारी से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।