अरविंद जाजड़ा को कोई जानता नहीं था इसलिए पब्लिसिटी पाने के लिए ऐसा किया: निर्मल चौधरी
जयपुर। जयपुर के महारानी कॉलेज में राजस्थान यूनिवर्सिटी अध्यक्ष निर्मल चौधरी को थप्पड़ मारने का विवाद थमने का नाम नहीं ले हरा है। दोनों ही छात्र नेता एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। नित्य दोनों की तरफ से बयानबाजी की जा रही है। वहीं, घटना के बाद से महासचिव अरविंद जाजड़ा और निर्मल के समर्थकों के बीच अब भी तनाव बढा हुआ है।
वहीं, अब निर्मल चौधरी ने कहा है कि महासचिव अरविंद जाजडा को कोई जानता नहीं है इसलिए पब्लिसीटी पाने के लिए ऐसा किया। चौधरी ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है। अब कानून अपना काम करे। जो भी इस घटना के लिए दोषी हो, उसे जल्द से जल्द सजा दी जाए।
निर्मल से जब दोनों के आपसी विवाद के बारे में पूछा गया तो उन्होनें कहा कि मेरा किसी से कोई विवाद नहीं है। मैं छात्र हित के लिए काम करता हूं और करता रहूंगा। साथ ही उन्होनें कहा कि मुझसे जो बात करता है, मिलना चाहता है, उससे मिलता हूं। उन्हें बढ़िया लगे तो मुझे नमस्कार करो और नहीं लगता है तो मत करो। अगर कोई अपने ही रास्ते पर है तो मैं भी मेरे रास्ते पर अलग राह बना लेता हूं। निर्मल ने कहा कि महासचिव और उनके समर्थकों को समझना चाहिए कि छोटी सोच रख के ऐसी घटना को अंजाम देने से कुछ नहीं होगा। आपको भी छात्र शक्ति ने अहम जिम्मेदारी दी है। इसलिए उनके दिए इस मजबूत मंच से छात्रों की उम्मीद और आशाओं को पूरी करते हुए छात्र हित में काम करें। गुंडा-बदमाश बनने से कुछ भला नहीं होगा।
वहीं, सूत्रों के मुताबिक पता चला है कि अध्यक्ष निर्मल और महासचिव जाजड़ा में कई दिनों से तनाव चल रहा था। और महारानी कॉलेज में उद्घाटन कार्यक्रम में पहली बार ये विवाद खुलकर सामने आ गया। इस घटना में पुलिस की भी लापरवाही सामने आई है। पुलिस को पहले से पता था निर्मल और अरविंद के बीच तनाव है। इसके बावजूद मामले को हल्के में लिया गया।