Bundi: मुख्यमंत्री निशुल्क यूनिफार्म वितरण योजना से कोई भी विद्यार्थी वंचित नहीं रहे - जिला कलक्टर

ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा 
बूंदी राजस्थान 

जाखमुंड विद्यालय व राजीव गांधी सेवा केंद्र का किया निरीक्षण

बूंदी,1 फरवरी । जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने बुधवार को तालेड़ा उपखंड की ग्राम पंचायत जाखमुंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजीव सेवा केंद्र का निरीक्षण किया । उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि विद्यालय में शौचालय की नियमित साफ-सफाई की जावे। मुख्यमंत्री निशुल्क यूनिफार्म वितरण योजना से कोई भी विद्यार्थी वंचित नहीं रहे।
 सभी विद्यार्थी स्कूल में गणवेश पहनकर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को हर बुधवार व शुक्रवार को दूध वितरण को लेकर समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि दूध वितरण की नियमित मॉनिटरिंग की जावे। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत के राजीव सेवा केंद्र के बेहतर रखरखाव तथा  नियमित साफ सफाई करे  ।
जिला कलक्टर ने  विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि तालाब के किनारे पौधारोपण कर सौंदर्यीकरण व बैठने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जाखमुंड ग्राम पंचायत के तालाब को एक मॉडल के रूप में विकसित करें। साथ ही प्राचीन बावड़ी तेजाजी, तीनधारा महादेव मंदिर का भी सौंदर्यीकरण किया जावे। उन्होंने ग्राम पंचायत के उद्यान , खेल मैदान को विकसित करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी तालेड़ा कार्तिकेय मीणा, ब्लॉक विकास अधिकारी  हर्ष महावर, जाखमुंड सरपंच हंसराज बंजारा, ग्राम विकास अधिकारी अली हुसैन, सहायक अभियंता परसराम शर्मा  सहित अन्य अधिकारी जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।