Kota: वैगन रिपेयर शॉप, कोटा में किया गया अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सार्थक कार्यक्रमों का आयोजन*

ब्यूरो चीफ शिव कुमार शर्मा

कोटा राजस्थान
कोटा 05,मार्च,2023
कोटा। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सुधीर सरवरिया मुख्य कारखाना प्रबंधक कोटा के मार्गदर्शन में विगत दिवस प्रातः 8.30 बजे से सामुदायिक भवन कारखाना कोटा में कारखाना में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए आर्ट ऑफ लीविंग की कोटा शाखा की नेहा सारस्वत द्वारा तनाव मुक्त जीवन, ध्यान और सचेतन पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को पारिवारिक एवं व्यवसायिक तनावों के प्रबंधन की कला सीखकर एवं उसको आत्मसात कर अपने जीवन को हर कदम पर सफल बनाने का था। इस कार्यशाला में कारखाने में कार्यरत विभिन्न आयुवर्ग की 100 से अधिक महिला कर्मचारियों ने पूर्ण उत्साह के साथ भाग लिया।
कारखाने में यह एक सर्वज्ञात तथ्य है कि महिला कर्मचारी किसी भी मायने में पुरुष कर्मचारियों से तकलीकी कार्यों में उन्नीस नही है। लेकिन, कारखाने में कार्य के दबाव के चलते उनको अपनी अन्य कलाओं में दक्षता एवं अभिरुचि का प्रदर्शन करने का अवसर नही मिल पाता। उक्त तथ्य को दृष्टिगत रखते हुए इसी कड़ी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इस कार्यक्रम में प्रियंका राऊत, अक्षिता पाराशर, संतरा, निशा, गीता और प्रीति ने मनमोहक नृत्यों की प्रस्तुति दी । सुशीला एवं नाजिमा ने कविताओं की प्रस्तुति दी। पूनम, ज्योति एवं रिया ने इस अवसर पर महिला सशक्तीकरण पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर कामकाजी महिलाओं को कार्यस्थल पर आने वाली नई चुनौतियों तथा उसके लिये स्वयं को तैयार करने के उपायों के उपर सार्थक विचारविमर्श का आयोजन भी किया गया। इस कार्यक्रम की संकल्पना, प्रस्तुतियां एवं एंकरिंग आदि महिला कर्मचारियों के द्वारा ही की गयी।
ज्ञातव्य है कि रेलवे बोर्ड के द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण पर सेमीनार, तनावमुक्त जीवन, ध्यान एवं महिलाओं के लिये सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं कविता. शेरों-शायरी के सस्वर पाठ आदि कार्यक्रमों के आयोजन की संकल्पना एवं दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। आठ मार्च तक महिला दिवस पर कोटा कारखाने में अन्य कार्यक्रमों का आयोजन भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम का आयोजन एम.एल. मीना सहायक कार्मिक अधिकारी कारखाना कोटा की देख-रेख में किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जया द्विवेदी, ममता त्रिवेदी, सुश्री राखी, सुनयना सिंह, नाजिमा, आयुषी तथा विनोद कुमार अग्रवाल एव मेघश्याम मुख्य कल्याण निरीक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।