बूंदी, 20 जनवरी। कृषि विज्ञान केन्द्र में शुक्रवार को राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम लिमिटेड जयपुर की ओर से एक दिवसीय ‘‘ऊर्जा दक्षता एवं ऊर्जा संरक्षण ’’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें जिले के 114 प्रगतिशील कृषक एवं कृषिक महिलाओं ने भाग लिया।
जागरूकता कार्यक्रम में किसानों को सम्बोधित करते हुए केन्द्र के अध्यक्ष प्रोफेसर हरीश वर्मा ने कहा कि दैनिक जीवन तथा कृषि में ऊर्जा के नवीनकरणीय स्त्रोतों का अधिक से अधिक प्रयोग हो। उन्होंने किसानों को ऊर्जा की खपत एवं बचत दोनों पहलूओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में सहायक अभियन्ता (एम.एस.टी) आनन्द कुमार ने विद्युत विभाग से संबंधित विभिन्न ऊर्जा दक्षता की योजनाओं, बिजली खपत को कम करने एवं दक्षता को बढ़ाने के तरीकों के बारे में बताया। सहायक अभियन्ता कोटा जोन बद्री प्रसाद मालव ने विद्युत उपयोग के सुरक्षात्मक उपायों के बारे में चर्चा करते हुए विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों, कृषि के कनेक्शन एवं बिजली बिलों की शिकायतों से संबंधित जानकारी दी।
इस दौरान वाटरशेड कम डाटा सेंटर के अधीक्षण अभियन्ता शिव कुमार खण्डेलवाल ने जल ग्रहण के द्वारा कम ऊर्जा से ज्यादा पैदावार करने एवं पहाड़ी व नदी के बीच के क्षेत्र में जल बचाव करने के विभिन्न तरीकों, सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र के उपनिदेशक दुर्गालाल मौर्य ने कृषि क्षेत्र में जल प्रबन्धन एवं सिंचाई की विभिन्न तकनीक तथा रिलायंस फाउन्डेशन के जिला परियोजना प्रबन्धक डाॅ. रामधन जाट ने सौर ऊर्जा की उपयोगिता एवं किसानों को इसका अधिक से अधिक उपयोग करने एवं कृषि क्षेत्र में वर्तमान परिप्रेक्ष्य में किये जा रहे नवाचारों एवं तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग कर आमदनी में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया। पशुपालन विशेषज्ञ डाॅ. घनश्याम मीणा ने डेयरी प्रबन्धन की विभिन्न तकनीकों द्वारा कार्य क्षमता में वृद्धि के साथ ही प्राकृतिक खेती की जानकारी भी दी।
फोल्डर का किया विमोचन
इस अवसर पर ‘‘प्राकृतिक खेती का परिचय’’ एवं ‘‘वर्तमान परिप्रेक्ष्य में सौर ऊर्जा की उपयोगिता’’ पर केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार फोल्डर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के अन्त में नोडल अधिकारी डाॅ. कमला महाजनी ने सभी किसानों व अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में इंदिरा यादव, डाॅ. हेमराज जाट, महेन्द्र चैधरी, चन्द्र प्रकाश श्रृंगी, दीपक कुमार, लोकेश प्रजापत, हलीम मोहम्मद व रामप्रसाद ने सहयोग प्रदान किया।