पेपरलीक व बेरोजगारी पर कांग्रेस नेताओं ने पत्रकार वार्ता में सरकार को घेरा, पेपर लीक से पूरे देश के छात्रों में आक्रोश - गुंजल

*भारत सरकार की विफलता से हो रहे हैं पेपरलीक- डॉ विजेंद्र सिद्धू* 


बूंदी 27 जून। शिवकुमार शर्मा बूंदी में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व बूंदी जिले के प्रभारी विजेंद्र सिंह सिद्धू ने कहा कि भारत सरकार की लापरवाही व विफलता से लगातार पेपरलीक हो रहे हैं जिससे परीक्षाओं को दोबारा करवाना पड़ता है और छात्रों को भारी पीड़ा होती है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सिद्धू ने आरोप लगाया कि सरकार की विफलता से देशभर में पेपरलीक माफिया सक्रिय हो गया है।

पत्रकार वार्ता में कोटा बूंदी लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि पेपर लीक से छात्रों की आत्महत्या की घटनाये हमारे देश की शिक्षा व्यवस्था पर कलंक है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में सुधार होना चाहिये। प्रहलाद गुंजल ने भारत सरकार केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनमें लेश मात्र भी नैतिकता नहीं बची है जो इतने बड़े पेपर लिखकर घटना के बाद भी अपने पद पर बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पेपरलीक से पूरे देश के छात्रों में आक्रोश है।

*असफल शिक्षा नीति से भ्रष्टाचार बढ़ा-महावीर मीणा*

पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि सरकार की असफल शिक्षा नीति के कारण देश में बेरोजगारी व भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। मीणा ने कहा कि अव्यवस्था का सर्वाधिक नुकसान विद्यार्थियों को उठाना पड़ रहा है और देश में शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कोटा में विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रम में शिक्षा की जमीनी स्थिति को बताया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा शिक्षा बजट में कटौती करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

*सरकार ने शिक्षा का बाजारीकरण किया- झाला*

बूंदी जिले के सहप्रभारी वीरेंद्र सिंह झाला ने पत्रकार वार्ता में कहा कि वर्तमान में सरकार ने शिक्षा का बाजारीकरण कर दिया है। झाला ने कहा कि सरकार को छात्रों के शिक्षा और रोजगार पर अपनी जवाब देही सुनिश्चित करनी चाहिये।

*छात्रों को उनकी कड़ी मेहनत का फल मिले- चर्मेश शर्मा*

राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य चर्मेश शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि यह बहुत दुखद है कि एक छात्र महीनों तक 14 घंटे प्रतिदिन मेहनत करते हुये दिन रात पढ़ायी कर प्रतियोगी परीक्षा देता है वही दूसरा छात्र पेपर लीक माफिया से एक रात पहले पेपर खरीदकर चयनित हो जाता है और मेहनती छात्र बाहर हो जाता है। शर्मा ने कहा पेपर लीक असहनीय है और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी देश के सामने यही आवाज उठायी है कि छात्रों को उनकी कड़ी मेहनत का पूरा फल मिलना चाहिये। पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा ने कहा कि आगामी समय में कोटा में छात्रों का विशाल कार्यक्रम आयोजित होगा।