नीति आयोग के इंडिकेटर्स के तहत प्रगति संबंधी बैठक आयोजित, अपेक्षित प्रगति के लिए प्रयास करें-जिला कलक्टर
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बारां कोटा संभाग
अपेक्षित प्रगति के लिए प्रयास करें-जिला कलक्टर
नीति आयोग के इंडिकेटर्स के तहत प्रगति संबंधी बैठक आयोजित
बारां, 6 जनवरी। जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा आकांक्षी (एस्पिरेशन) जिला बारां की प्रगति के विभिन्न मापदंडो पर मॉनिटरिंग की जा रही है जिसके तहत विभिन्न विभागों द्वारा विकास के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु विभिन्न इंडिकेटर्स के तहत किए गए कार्याें के आधार पर ऑनलाईन रेंकिग जारी की जाती है। जिले में कृषि, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं आधारभूत विकास से संबंधित विभाग द्वारा इन इंडिकेटर्स के तहत निर्धारित लक्ष्यों के तहत कार्य किया जा रहा है जिसको गति देने की आवश्यकता है जिससे जिले की रेंकिग में अपेक्षित सुधार हो साथ विकास के विभिन्न लक्ष्यों की प्राप्ति की जा सके।
जिला कलक्टर मिनी सचिवालय सभागार में भारत सरकार के नीति आयोग के इंडिकेटर्स के तहत अपेक्षित प्रगति के संबंध में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए नीति आयोग के निर्धारित इंडिकेटर्स के तहत वांछित लक्ष्यों को प्राप्त करना सुनिश्चित करें जिससे सभी मापदंडों पर उच्च रेंकिंग प्राप्त की जा सके। बैठक में नीति आयोग के जिला नोडल अधिकारी मनीष शर्मा ने विभिन्न विभागों के इंडिकेटर्स के तहत हुए कार्याें व प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में न्यूट्री हब गार्डन, सुपोषण, विद्यालयों में बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय, विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, फार्म पोण्ड, स्प्रिंकलर, माईक्रो इरिगेशन, पशु नस्ल सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान, सोलर पेनल सहित विभिन्न इंडिकेटर्स के तहत हुए कार्याें के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए अपेक्षित प्रगति के लिए निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।