ग्रामीणों को मिले सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ-जिला कलक्टर
कोटा 17 मार्च। जिला कलक्टर ओपी बुनकर की अध्यक्षता में शुक्रवार को लाडपुरा पंचायत समिति के ग्राम किशनपुरा तकिया में चौपाल का आयोजन किया गया जिसमें मौके पर ही ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान कर समस्याओ का निराकरण किया गया।
जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर निराकरण कर पात्रता के आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले इस उद्देश्य को लेकर चौपाल का आयोजन किया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से व्यक्तिगत लाभ की योजना में भी पात्रता के आधार पर लाभ लेंने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि फ्लैगशिप योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित करने के लिए योजनाएं संचालित की जा रही है। ग्रामीण स्वयं भी इनके बारे में जानकारी प्राप्त करें तथा अन्य लोगों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में सभी परिवारों को पंजीयन कराने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आकस्मिक दुर्घटना एवं बीमारी के समय यह योजना सबसे बड़ी कारगर सिद्ध होगी। उन्होंने सरकार द्वारा किसानों एवं घरेलू कनेक्शनों के लिए बिजली बिलों में सहायता के लिए किसानों को समय पर विद्युत बिल जमा कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हर घर जल योजना के तहत प्रत्येक घर को पेयजल का शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राम स्तर पर बनी हुई समिति इसमें सक्रियता से भागीदारी निभाएं। उन्होंने चौपाल में ग्रामीणों से खाद्य सुरक्षा योजना एवं अन्य योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक लेकर क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
राजवंती को श्रवण यंत्र सौंपकर किया लाभान्वित -
रात्रि चौपाल एवं जनसनुवाई में श्रीमती राजवंती पत्नी हीरा लाल लश्करी निवासी किशनपुरा तकिया को श्रवनयन्त्र प्रदान कर समस्या का निराकरण किया गया। चौपाल में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से श्रवण यंत्र (कान की मशीन) का आवेदन भरवाकर मौंके पर ही जिला कलक्टर ने श्रवण यंत्र सौपकर महिला को लाभान्वित किया। इस अवसर पर उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ओम प्रकाश तोषनीवाल, सीएमएचओ डॉ जगदीश सोनी, जलदाय, विघुत सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।