जयपुर। पर्थ में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट के तीसरे दिन के दौरान कमेंट्री करते समय ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान बल्लेबाज़ और कप्तान रिकी पोंटिंग की तबीयत खराब हो गई जिसके कारण उन्हें अस्पताल ले जाना पडा। द डेली टेलीग्राफ के हवाले से फॉक्सस्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट के अनुसार लंच के समय उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।
सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पोंटिंग ने टेस्ट मैच के तीसरे दिन के दौरान अस्वस्थ महसूस करने की सूचना दी और अपने दिल की एहतियाती जांच के लिए अस्पताल गए। वहीं, SMH रिपोर्ट के अनुसार, सेवन के एक प्रवक्ता ने कहा, "रिकी पोंटिंग अस्वस्थ हैं और आज के शेष कवरेज के लिए कमेंट्री प्रदान नहीं करेंगे।"
बता दें कि पिछले कुछ साल ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए बेहद मुश्किल भरे रहे हैं। इस साल, मार्च में ऑस्ट्रेलियाई ने दो सबसे बड़े दिग्गज रॉड मार्श और शेन वार्न को खो दिया। इसके अलावा सितंबर 2020 में दिल का दौरा पड़ने के कारण एक और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डीन जोन्स का भी अचानक निधन हो गया। इसके अलावा, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर और हाल ही में नीदरलैंड के कोच रेयान कैंपबेल को भी इस साल अप्रैल में कार्डियक एपिसोड का अनुभव हुआ, जिसके कारण उनकी लगभग मृत्यु हो गई।
पोंटिंग के कैरियर की बात करें तो उन्होने 168 टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रतिनिधित्व किया है, उन्होंने 51.85 के औसत से 41 शतक और 62 अर्द्धशतक के साथ 13378 रन बनाए हैं।
375 एकदिवसीय मैचों में, उन्होंने 42.03 के औसत से 13,704 रन बनाए, जिसमें 30 शतक और 82 अर्धशतक शामिल हैं। 17 T20I में, उन्होंने 28.64 की औसत से 401 रन बनाए और दो अर्द्धशतक बनाए।