स्वच्छता उत्सव के तहत वार्ड 79 में विशेष सफाई अभियान, कचरा डिपो बना क्षेत्र हुआ स्वच्छ

अतुल्य संसार नेटवर्क 

जयपुर, 2 जून। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता उत्सव के अवसर पर नगर निगम जयपुर के मालवीय नगर जोन द्वारा वार्ड संख्या 79 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सीएसआई विजय लोट ने किया, जबकि एसआई दीपचंद के निर्देशन में सफाई कर्मचारियों की टीम ने लंबे समय से कचरा डिपो के रूप में उपयोग हो रहे क्षेत्र की व्यापक सफाई की।
राजपूत कॉलोनी, गैस गोदाम एवं राधा स्वामी सत्संग हॉल के पास स्थित इस स्थान पर कई दिनों से वाहन खड़े रहने के कारण मिट्टी, कचरा एवं अन्य अपशिष्ट जमा हो गए थे, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता प्रभावित हो रही थी। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमा कचरे को हटाया तथा पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई कर आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया।
इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने तथा स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य देशभर में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। 
सीएसआई विजय लोट ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सके। स्थानीय लोगों ने भी निगम की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया।