स्काउट गाइड की तीन दिवसीय मेडिटेशन कार्यशाला का हुआ समापन, स्काउट प्रधान ने लिया शिविर का जायज़ा

स्काउट गाइड की तीन दिवसीय मेडिटेशन कार्यशाला का हुआ समापन, स्काउट प्रधान ने लिया शिविर का जायज़ा

योग व मेडिटेशन हमारी अनन्त क्षमताओं से हमे परिचित करवाता है - महावर

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान

बूंदी 11 जून, भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन कौशल विकास शिविर के अंतर्गत तीन दिवसीय मेडिटेशन कार्यशाला का शनिवार को समापन हुआ । इस अवसर पर संगठन के स्थानीय संघ प्रधान चतुर्भुज महावर मुख्य अतिथि रहे, अध्यक्षता शिविर संचालक बुद्धि प्रकाश पुंडीर ने की। प्रशिक्षणार्थियों को सम्बोन्धित करते हुए महावर ने कहा कि योग व ध्यान विश्व को भारत की एक अनमोल धरोहर है। यह हमें अपने मन और आत्मा की अनंत क्षमताओं से परिचित करवाता है। उन्होंने ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संभागियों का आव्हान किया कि वे प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने व्यक्तित्व विकास में करें। इस अवसर पर हार्टफुलनेस मेडिटेशन की प्रशिक्षक टीम को स्काउट गाइड द्वारा सम्मानित किया गया।

शिविर समन्वयक सर्वेश तिवारी ने बताया कि कार्यशाला में मेडिटेशन टीम की प्रशिक्षक चांदनी वरयानी, सुषमा यादव, शशी मेहरा व अश्विनी कुमार ने कार्यशाला के समापन सत्र में विविध गतिविधियों का आयोजन किया। ऊर्जा युक्त खेलो व विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षुओं ने सामंजस्य व तनाव प्रबंधन को सीखा, टीम द्वारा प्रशिक्षुओं को मोटिवेट किया गया। शिविर केंद्र पर इससे पूर्व मेडिटेशन का प्रायोगिक सत्र आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि महावर को प्रशिक्षक कमलेश दाधीच, नैना सैनी, प्राची शर्मा, विवेक गौतम द्वारा विविध प्रशिक्षण की जानकारी दी । इस अवसर पर उन्होंने शिविर गतिविधियों का अवलोकन कर प्रशिक्षण का जायजा लिया व सृजनात्मक निर्माण हेतु सभी की प्रशंसा की। बुद्धि प्रकाश पुंडीर ने स्वागत उद्बोधन तथा रामलाल मेघवाल ने स्कार्फ़ पहनाकर , हर्षनाद द्वारा अतिथियों का अभिंनन्दन किया। दल नायक अल्का जैन व चंचल सुमन के नेतृत्व में करतल ध्वनि व जनरल सैल्यूट प्रस्तुत किया गया। यूनिट लीडर बृजेश कुमार कसाणा ने आभार प्रकट किया। संचालन समन्वयक सर्वेश तिवारी ने किया।
इस अवसर पर संचालक दल के शंभू दयाल शर्मा, गाइड कैप्टन रजिया खातून, हंसराज चौधरी, अवनी शर्मा, युवराज प्रजापत, ट्रेड लीडर हर्षिता सोनगरा, रूप कंवर, रिया सैनी, अक्षत मंडोवरा, सलोनी तंवर व लक्ष्मी राठौर सहित शिविर प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।