बूंदी, 24 फरवरी। काॅफी विद कलक्टर कार्यक्रम में जिला कलक्टर डाॅ. रविन्द्र गोस्वामी जिले के किसानों से रूबरू हुए, उनकी समस्याएं जानी और मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान किसानों ने जिला कलक्टर के साथ खेती-किसानों से अपने अनुभव भी साझा किए।
किसानों के चर्चा के दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि इच्छुक किसान मिशन स्वरोजगार के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करें और खेती के साथ ही अन्य कार्य के माध्यम से अपनी आमदनी बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह बनाकर काश्तकार राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं।
जिला कलक्टर ने कहा कि उर्वरकों इस्तेमाल किसान काॅल सेंटर पर मार्गदर्शन लेकर करें। इसके अलावा प्रयास यहीं हो कि उर्वरकों को कम से कम इस्तेमाल किया जाए। उन्हांेने कहा कि फसलों में जैविक खाद के प्रयोग को बढावा दें। उन्होंने कहा कि समय की मांग के अनुसार आधुनिक तरीकों से खेती करने पर ज्यादा जोर रहे, ताकि अच्छा उत्पादन लिया जा सके।
उन्हांेने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप फसल खराबे से प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने के लिए सभी प्रक्रियाएं त्वरित गति से पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान भी फसल खराबे की स्थिति में समय पर सूचना दें, ताकि मुआवजे की राशि प्राप्त करने में किसी तरह का विलंब नहीं हो।
उन्हांेने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई गई योजनाआंे का लाभ समय पर मिले। इसके लिए किसानों को भी इन योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि कृषि विभाग द्वारा कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी किसानों को दें और आवेदन करने वाले किसानों को इसका लाभ भी समय पर दिया जाए।
ग्यारसी लाल मेेघवाल को उपलब्ध कराएं श्रवण यंत्र
काॅफी कलक्टर कार्यक्रम के तहत चर्चा के दौरान करवाला की झौपंडिया पंचायत के मैनोली गांव के किसान ग्यारसी लाल मेघवाल ने जिला कलक्टर से उसे श्रवण यंत्र उपलब्ध करवाने की बात की। इस पर जिला कलक्टर ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को ग्यारसी लाल की समस्या के बारे में बताया, तो विभाग की ओर से मौके पर ही किसान को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए। जिला कलक्टर द्वारा श्रवण यंत्र उपलब्ध करवाने पर ग्यारसी लाल ने उनका आभार भी जताया। इसी तरह महिला किसान के खेत पर बिजली के तार झूलने की समस्या के लिए जिला कलक्टर ने विद्युत निगम के अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश भी प्रदान किए।
इस अवसर पर कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक महेश शर्मा, उद्यान विभाग के उपनिदेशक राधेश्याम मीणा, सहायक निदेशक शिवराम खटीक, जिला विस्तार अधिकारी राजेन्द्र मीणा, किसान जोधराज सिंह हाडा, महावीर, रामलाल, मदनलाल, ग्यारसीलाल, महिला किसान रामभरोस बाई, काली बाई मौजूद रही।