पूर्व प्रधान भगवान नुवाल पर गोशाला भूमि पर जबरन कब्जा करने का आरोप
बूंदी नगर परिषद सभापति के पति हैं भगवान नुवाल
राजनीतिक संपर्क और पद का दुरुपयोग
ऐसे लोगों की वजह से ही गोवंश सड़कों पर मरने को मजबूर है
बूंदी (संवाददाता शिवकुमार शर्मा) जुलाई गोपाल गो सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रहलाद मीणा व सचिव गोपाल माहेश्वरी ने निजी रिसोर्ट में पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि बूंदी शहर के सिलोर रोड पर पटवार हल्का छत्रपुरा में नगर परिषद द्वारा गौशाला निर्माण हेतु प्रस्तावित 11 बीघा 4 बिस्वा सिवायचक भूमि पर नगर परिषद सभापति मधु नुवाल के पति भगवान नुवाल द्वारा किए गए अतिक्रमण से मुक्त करवाकर इस जमीन को गौशाला को शीघ्र आवंटित करने व गौशाला को कब्जा देने की मांग की है। गोपाल गौ सेवा संस्थान से जुड़े गो भक्तों ने बताया कि पटवार हल्का छत्रपुरा ग्राम छत्रपुरा की खसरा संख्या 1243, 1245, 1246 एवं 1247 कुल रकबा 11 बीघा 4 बिस्वा भूमि सिवायचक भूमि है जो राजस्व रिकॉर्ड में नगर परिषद बूंदी के नाम दर्ज है। सिलोर रोड पर स्थित नगर परिषद बूंदी की इस सिवायचक 11 बीघा 4 बिस्वा भूमि पर शहर में घूमते आवारा व बेसहारा गोवंश के लिए सन 2016 में तत्कालीन नगर परिषद आयुक्त द्वारा गौशाला निर्माण का प्रस्ताव श्रीमान जिला कलेक्टर बुंदी को भेजा था। गौशाला निर्माण के लिए प्रस्तावित इस 11 बीघा 4 बिस्वा भूमि का भूपरिवर्तन करवाने के लिए नगर परिषद ने प्रस्ताव बनाकर उपनिवेशन विभाग को भेजा था वहीं तहसीलदार, हल्का पटवारी, कानूनगो आदि ने भी मौका रिपोर्ट पेश कर दी थी। लेकिन बूंदी से सिलोर को जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क पर स्थित इस बेशकीमती जमीन पर कांग्रेस नेता पूर्व प्रधान भगवान नुवाल का अवैध अतिक्रमण /कब्जा होने एवं भगवान नुवाल द्वारा राजनीतिक रसूखातों का इस्तेमाल करने व अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव बनाने के चलते 5 वर्ष बीत जाने के बाद भी यह जमीन गौशाला को आवंटित नहीं हो पाई है। गौशाला के लिए प्रस्तावित जमीन पर सभापति मधु नुवाल के पति भगवान नुवाल द्वारा अवैध अतिक्रमण कब्जा किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए गोपाल गौ सेवा संस्थान से जुड़े गौ भक्तों ने कहा कि गौ वंश की दुर्दशा पर घड़ियाली आंसू बहाने वाली बूंदी नगर परिषद की सभापति मधु नुवाल एक और तो गौ वंश की दुर्दशा पर रोना रोती है और गौ वंश के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाओं की डींगे हांकती है वहीं दूसरी ओर सभापति मधु नुवाल का पति गौशाला के लिए प्रस्तावित जमीन पर अवैध अतिक्रमण कब्जा कर बैठता है। गौ भक्तों ने कहा कि आवंटन प्रक्रिया के तहत बूंदी तहसीलदार एवं हल्का पटवारी की रिपोर्ट में साबित हो जाता है कि गौशाला के लिए प्रस्तावित इस भूमि पर सभापति मधु नुवाल के पति कांग्रेस नेता भगवान नुवाल का अवैध कब्जा है। जिसका जिक्र मौका रिपोर्ट में भी साफ तौर पर किया गया है। गोपाल गौ सेवा संस्थान से जुड़े गौ भक्तों ने आवारा एवं बेसहारा गोवंश की उचित सार संभाल के लिए सन 2016 को तत्कालीन नगर परिषद आयुक्त द्वारा गौशाला निर्माण के लिए प्रस्तावित की गई बूंदी नगर परिषद के क्षेत्राधिकार की सिलोर रोड स्थित छत्रपुरा पटवार हल्के की सिवायचक भूमि खसरा संख्या 1243, 1245 1246 एवं 1247 को सभापति मधु के पति कांग्रेस नेता भगवान नुवाल के अवैध कब्जे से मुक्त करवाकर गौशाला को आवंटित करने की मांग की है।
गोपाल गौ सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रहलाद मीणा, सचिव गोपाल माहेश्वरी सहित संस्थान से जुड़े गौ भक्तों ने चेतावनी दी है कि यदि सभापति मधु नुवाल के पति भगवान नुवाल से राजनीतिक रसूखातों के चलते प्रशासन द्वारा गौशाला के लिए प्रस्तावित सिलोर रोड स्थित बेशकीमती 11 बीघा 4 बिस्वा भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो गौ भक्तों को मजबूरन माननीय उच्च न्यायालय की शरण लेनी पड़ेगी एवं गौशाला की प्रस्तावित भूमि को नगर परिषद सभापति मधु नुवाल के पति भगवान नुवाल के अवैध कब्जे से मुक्त करवाने के लिए गौ भक्तों द्वारा बूंदी शहर में नगर परिषद सभापति एवं कांग्रेस नेता भगवान नुवाल के खिलाफ धरना, प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर परिषद बुंदी व जिला प्रशासन की होगी।
https://youtu.be/UBFhS43-zjM