Bundi: प्रदेश के हर वर्ग का जीवन सरल बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध - श्री चांदना
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान
बूंदी, 15 जनवरी। युवा मामले, खेल तथा सूचना एवं जनसंपर्क राज्यमंत्री श्री अशोक चांदना ने कहा कि शिक्षक भविष्य का निर्माणकर्ता है। युवा पीढ़ी के जीवन में सबसे ज्यादा असर शिक्षक का ही होता है। माता पिता के बाद छात्र-छात्रा का जीवन बनाने में शिक्षक की ही सबसे बड़ी भूमिका है। श्री चांदना रविवार को नैनवां के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में आयोजित राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) नैनवां के शपथ ग्रहण एवं नववर्ष स्नेह मिलन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के जीवन को सरल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। सामाजिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुफ्त दवा व मुफ्त जांच की सुविधा से आमजन को राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी बीमा योजना के माध्यम से आमजन के इलाज की सुविधा सुनिश्चित की गई है। इसके तहत हर व्यक्ति को 10 लाख रूपये स्वास्थ्य बीमा की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि नैनवां तहसील में 4 हजार के करीब कृषि कनेक्शन है। इनमें 91 प्रतिशत किसानों का बिजली का बिल शून्य आ रहा रहा है। हिण्डोली नैनवां क्षेत्र में किसानां को दिन में फसलों के लिए बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी वर्ग की सबसे बड़ी मांग ओपीएस को राज्य सरकार ने पूरा कर उनका भविष्य सुरक्षित करने का कार्य किया है। सामाजिक एकता ही भारत की संस्कृति रही है। इस अवसर पर श्री चांदना ने ने नैनवां में डॉ. भीमराव अंबेडकर सार्वजनिक पुस्तकालय खोलने तथा मॉडल स्कूल के खेल मैदान विकास के लिए 25 लाख रूपये की घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर, पूर्व विधायक सीएल प्रेमी ने अपने विचार व्यक्त किए। राज्यमंत्री श्री चांदना ने राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) की नवगठित कार्यकारिणी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शिक्षक संघ (अंबेडकर) के ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र आचार्य द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। संगठन के महामंत्री हरजी लाल बैरवा ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने व आरजीएचएस सुविधा लागू करने पर शिक्षक संघ (अंबेडकर) नैनवां की ओर से राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया गया ।
सामाजिक वक्ता आईपीएस किशन सहाय, रेस़ला प्रदेश महामंत्री डॉ. अशोक जाट, डॉ. प्रमोद जोनवाल, डॉ. जेपी देवतवाल, डॉ. आशुतोष मीणा, डॉ. धर्मेंद्र वर्मा ने विचार रखे। इस अवसर पर नगर पालिका नैनवां के चेयरमेन प्रेम बाई तथा उपखंड अधिकारी शत्रुघ्न सिंह गुर्जर मौजूद रहे। संचालन डॉ. धर्मेंद्र वर्मा, शंकर लाल मीणा और लखन राजस्थानी ने किया।