जयपुर। रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादवने शानदार 111 रन की पारी खेली जिसकी चर्चा पूरे विश्व में हो रही है। इस पारी ने टी20 बल्लेबाज के रूप में उनका कद और भी बढा दिया है। लेकिन न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी ने कहा कि उन्हें सबसे छोटे प्रारूप में भारत का सर्वश्रेष्ठ बनने के लिए खुद को लगातार साबित करना होगा। बता दें कि सूर्यकुमार ने 51 गेंद में नाबाद 111 रन की तूफानी पारी खेली और भारत का स्कोर छह विकेट पर 191 रन कर दिया जिससे मेहमान टीम ने यहां दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड को 65 रन से हरा दिया।
जब साउदी से पूछा गया कि क्या सूर्यकुमार भारत के अब तक के सर्वश्रेष्ठ टी20 खिलाड़ी हैं तो उन्होनें जबाव दिया कि "भारत ने न केवल टी20 प्रारूप में बल्कि तीनों प्रारूपों में भी कई अद्भुत क्रिकेटर दिए हैं। आपके पास इतने सारे खिलाड़ी हैं जो लंबे समय तक खेले हैं और लंबे समय में बहुत कुछ हासिल किया है।"
"सूर्यकुमार एक खिलाड़ी है जो कई तरह से हिट कर सकता है। वह पिछले 12 महीनों - आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार फॉर्म में रहा है। उसने आज बहुत प्रभावशाली पारी खेली,"
बता दें कि सूर्या ने रविवार को अपनी पारी में 11 चौके और सात छक्के थे और उनका स्ट्राइक रेट 217.64 का अविश्वसनीय था। लॉकी फर्ग्यूसन द्वारा फेंके गए अंतिम ओवर में सूर्यकुमार ने चार चौके और डीप प्वाइंट पर शानदार छक्का जड़ा। आखिरी पांच ओवरों में 72 रन बने। वहीं, साउथी ने चार ओवरों में 34 रन देकर 3 विकेट लिये। ये तीनों विकेट लगातार गेंदो पर लिये और हैट्रिक अपने नाम की।