दो दिवसीय बूंदी कौशल महोत्सव का विधिवत रूप से समापन हुआ
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान
दो दिवसीय बूंदी कौशल महोत्सव का विधिवत रूप से समापन हुआ
बून्दी 6 जनवरी, कुंभा स्टेडियम में चल रहे दो दिवसीय बूंदी कौशल महोत्सव का शुक्रवार को विधिवत रूप से समापन हुआ । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अशोक डोगरा रहे । विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी , सभापति मधु नुवाल रही ।
कार्यक्रम जयपुर स्किल इंडिया परिवार की ओर से अतिथियों का साफा बंधवा कर और पौधा देकर स्वागत किया ।
राष्ट्रीय कौशल विकास निगम की महाप्रबंधक श्रीमती पंखुड़ी बारगोहैन ने स्वागत भाषण और प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि कौशल महोत्सव में 1000 बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है जो अपने क्षेत्र में जाकर निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे ।
मुख्य अतिथि विधायक डोगरा ने अपने संबोधन में कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ने बूंदी के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से कौशल महोत्सव मेले का आयोजन आयोजित करवाया जो सराहनीय रहा । उन्होंने रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को बधाई दी । उन्होंने रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं से कहा कि जिन्हें भी रोजगार मिला है वह मेहनत करके कंपनी में अपना सहयोग दें ताकि कंपनी के व्यवसाय में बढ़ोतरी हो । जिन युवाओं का चुनाव रोजगार मेले में नहीं हो सका उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्दी ही उन्हें भी रोजगार प्रदान किया जाएगा वह निराश ना हो ।
जिला कलेक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी ने कहा कि कौशल महोत्सव में जिन युवाओं ने भाग लिया है उनमें कुछ युवाओं को रोजगार मिला है और जिन को रोजगार नहीं मिला वह हताश ना हो । आगे और मेहनत करें और अपनी मंजिल को पाएं ।
कार्यक्रम के दौरान रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को अतिथियों ने जॉब सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया । अंत में मेले में सहयोग करने वाली संस्थाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया । कौशल विकास और उद्यमिता विभाग के निदेशक एसएस नायक ने आभार जताया । संचालन डॉक्टर रेणु ने किया ।