Coronavirus : फिर सिर उठाने लगा कोरोना, दो नए संक्रमितों के साथ प्रदेश में 70 सक्रिय मामले

Jaipur: चीन में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच भारत भी सतर्क हो गया है. चीन समेत कई देशों में कोविड-19 के मामलों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी डराने वाली है। चीन में मौत का आंकड़ा हमें भारत में दूसरी लहर की याद दिलाता है। इन्हीं संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए भारत पहले से ही हर संभव इंतजाम कर रहा है. हालांकि भारत में केस ज्यादा नहीं आ रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है.


राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सोमवार को जयपुर में एक, जबकि उदयपुर में एक कोरोना का केस ट्रेस हुआ है. राज्य में अब तक कोरोना के 70 एक्टिव केस हो चुके हैं। सबसे ज्यादा 54 एक्टिव केस जयपुर में हैं। कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 13 लाख 15 हजार 522 हो गई है। वहीं, प्रदेश में रविवार को 5 मामले सामने आए, जिनमें 3 जयपुर और 2 उदयपुर में मिले।

बता दें कि भारत चीन में कोरोना के नए वैरिएंट से मची तबाही की तैयारियों में जुटा है, ताकि पहली और दूसरी लहर की तरह इस बार ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े. राजस्थान में भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं, राजधानी दिल्ली में इस साल कोरोना से पहली मौत दर्ज की गई है।

वहीं, देशभर में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 170 नए मामले सामने आए हैं। देश में अब तक कोरोना के कुल मामलों की संख्या 4 करोड़ 46 लाख 80 हजार 094 हो गई है। वहीं, इस बीमारी से कुल 4 करोड़ 41 लाख 47 हजार 002 लोग ठीक हो चुके हैं। पूरे देश में कोरोना से अब तक 5 लाख 30 हजार 721 लोगों की मौत हो चुकी है.