हम चाहते हैं कि बृजभूषण सिंह इस्तीफा दें और उन्हें जेल हो: विनेश फोगट
जयपुर। देश के प्रमुख पहलवानों ने गुरुवार को भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के खिलाफ महासंघ प्रमुख और कई कोचों द्वारा कई एथलीटों के यौन शोषण के आरोपों को लेकर अपना विरोध जारी रखा और कहा कि वे तब तक विरोध जारी रखेंगे जब तक कि उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। पहलवान विनेश फोगट ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "आज हमारे विरोध का दूसरा दिन है और हमें सरकार से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बृजभूषण सिंह इस्तीफा दें और उन्हें जेल हो। हम एक मामला भी दर्ज करेंगे।"
बता दें कि भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों को लेकर पहलवान दिल्ली में जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं।
विनेश फोगट ने पहले आरोप लगाया था कि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पसंदीदा कोच महिला पहलवानों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और उन्हें परेशान करते हैं। उन्होंने डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह पर महिला एथलीटों का यौन शोषण करने और टोक्यो ओलंपिक 2020 में उनकी हार के बाद उन्हें 'खोटा सिक्का' कहने का भी आरोप लगाया। सिंह ने आरोपों से इनकार किया है।
वहीं, केंद्रीय खेल मंत्रालय ने डब्ल्यूएफआई से स्पष्टीकरण मांगा है और उसे लगाए गए आरोपों पर अगले 72 घंटों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। ओलंपियन पहलवान बजरंग पुनिया ने आज कहा, "पांच से छह महिला पहलवान यहां हमारे साथ हैं जिन्होंने इन अत्याचारों का सामना किया है और हमारे पास इसे साबित करने के लिए सबूत हैं।"