Kota: जिला युवा उत्सव कार्यक्रम में युवाओं ने दी रंगारंग प्रस्तुति सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत का अनूठा संगम
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान
कोटा, 19 मार्च। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के नेहरू युवा केंद्र द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय में जिला युवा उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 300 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि कुलपति डॉ. एस. के.सिंह रहे जबकि अध्यक्षता सदस्य, राज्य बाल संरक्षण आयोग सुनीता गर्ग ने की।
डॉ. एस.के.सिंह ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं को आगे लाने का कार्य किया जा रहा है। श्रीमती सुनीता गर्ग ने कहा कि अपनी प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए जरूरी है कि युवा वर्ग खुद की क्षमताओं को पहचानकर उसी को दिशा देने में अपना शत प्रतिशत समय दे।
जिला युवा अधिकारी कशिश जेठवानी ने बताया कि कार्यक्रम में कविता लेखन, फोटोग्राफी, चित्रकला, भाषण एवं सामूहिक लोकनृत्य की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। कविता लेखन में प्रथम प्रगति मूलचंदानी, द्वितीय स्थान पर श्रेयांश घर मिश्रा एवं तृतीय स्थान पर नंदिनी शर्मा रही। उन्होंने बताया कि भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर लता हरबोला, द्वितीय स्थान पर राजनंदनी भारद्वाज एवं तृतीय स्थान पर पूर्णिमा भारद्वाज रही। इसी प्रकार सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर जेडीबी कॉमर्स कॉलेज ग्रुप, द्वितीय स्थान पर लॉर्ड बुद्धा कॉलेज ग्रुप एवं तृतीय स्थान पर ओम कोठारी कॉलेज ग्रुप रहा। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर सुमैया परवेज, द्वितीय स्थान पर दिलदार कुरेशी एवं तृतीय स्थान पर अनिरुद्ध मेरोठा रहे। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर श्रेष्ठ शर्मा, द्वितीय स्थान पर हर्ष पंचोली एवं तृतीय स्थान पर प्रदीप कुशवाह रहे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय तृतीय स्थान पर रहे विजेता प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार, सम्मान प्रतीक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राज्य एवं केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, रोजगार कार्यालय, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग, चाइल्डलाइन (स्काउट) विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला अधिकारिता विभाग, केंद्रीय संचार ब्यूरो एवं महिला एवं बाल विकास द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के डीन ए.के.द्विवेदी, सदस्य बाल कल्याण समिति अरुण भार्गव, निदेशक कोशिश संस्थान पंकज शर्मा, स्काउट गाइड उपप्रधान यज्ञदत्त हाड़ा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से एडवोकेट भुवनेश शर्मा रहे।
इस दौरान नेहरू युवा केन्द्र से संबंधित युवा मंडल सदस्य, राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट गाइड एवं एन. सी. सी से जुड़े स्वयंसेवक उपस्थित रहे।