‘‘पीएम सूर्य घर’’ योजना का प्रदेश में सांगोद से होगा सूर्योदय, बनेगा मॉडल टाउन

-ऊर्जा मंत्री ने किया शुभारम्भ, हर घर लगेंगे रूफ टॉप सोलर संयत्र


-कनवास में 132 केवी जीएसएस, पशु चिकित्सा उप केन्द्र का शिलान्यास, उप स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण

कोटा 14 मार्च। ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर ने गुरूवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के कनवास में पीएम सूर्यघर योजना का शुभारम्भ किया। इस पहल से सांगोद प्रदेश में पहला टाउन बन गया है जहां घर-घर में सोलर बिजली का उत्पादन हो सकेगा। ऊर्जा मंत्री ने गुरूवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के कनवास में योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योजना अंतर्गत प्रत्येक घर में सोलर संयंत्र हांेगे, हर घर बिजली उत्पादक बनेगा। इससे परिवारों का विद्युत पर होने वाला खर्च बचेगा, परिवार आर्थिक सुदृढ होंगे। वहीं, ऊर्जा की पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण उपलब्धता रहेगी।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सूर्य घर योजना से क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, क्षेत्र संपन्न होगा। यह पहल पर्यावरण संतुलन में भी सहायक बनेगी। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस तरह सांगोद पूरे प्रदेश के लिए मॉडल बनेगा। उन्हांेने बताया कि सांगोद विधानसभा क्षेत्र में राजस्थान सोलर एसोसिएशन के साथ मिलकर सूर्य घर योजना को एक वर्ष में क्रियान्वित किया जाएगा।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि कुसुम सी योजना में जीएसएस के निकट की किसान की जमीन पर सोलर संयत्र लगाकर विद्युत उत्पादन एवं प्रसारण किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि हाल ही विद्युत सुदढीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा आगे के 20 वर्षों को लक्ष्य करतेे हुए 33 हजार मेगा वाट विद्युत उत्पादन के लिए 1.60 हजार करोड के एमओयू किए गए हैं। ऐसे प्रयासों से प्रदेश विद्य़ुत उत्पादन में सरप्लस होकर अन्य प्रदेशों को बिजली देगा और मॉडल स्टेट बन सकेगा। उन्होंने कहा, राज्य सरकार का वादा है कि किसानों को 8 घंटा बिजली मिले, वह भी दिन में ताकि किसान को कडाके की सर्द रातों में खेत पर काम ना करना पडे। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हर खेत को पानी, हर घर नल से जल के लिए भी सरकार संकल्पित है।
राजस्थान सोलर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील बंसल ने बताया कि देश में पीएम सूर्य घर योजना में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चयन किए गए क्षेत्रों में राजस्थान में सांगोद, पुष्कर तथा फलौदी को शामिल किया गया है जिनमें यह पहल करने वाला सांगोद पहला टाउन बन गया है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन का क्षेत्र में कार्यालय स्थापित कर शीघ्र ही जागरूकता गतिविधियां कर ग्रामीणों को सौर ऊर्जा के लाभ और महत्व बताकर उन्हें छत पर सोलर संयंत्र लगवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कनवास क्षेत्र की बरसों की पूरी होगी आस, विद्युत समस्याओं से मिलेगी निजात
ऊर्जा मंत्री ने कनवास में 27 करोड लागत से 132 केवी जीएसएस का शिलान्यास किया। कनवास में जीएसएस बनने से किसान एवं आम वि़द्युत उपभोक्ता को बड़ी सौगात मिलेगी। क्षेत्र के लगभग 90 गांवों को बिना ट्रिपिंग के, अच्छे वोल्टेज के साथ पर्याप्त बिजली मिल सकेगी। जीएसएस बनने से इस ओर के अन्य क्षेत्रों में भी विद्युत प्रसारण हो सकेगा। इससे पूर्व ऊर्जा मंत्री ने जीएसएस के लिए विधिवत शिलान्यास किया एवं समारोह स्थल पर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। इसी अवसर पर 19.68 लाख लागत से निर्मित पशु चिकित्सा उप केंद्र खजूरी का शिलान्यास किया। आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत 41 लाख रूपए लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र मंडाप का लोकार्पण भी किया गया।

अधीक्षण अभियंता एस सी जांगिड ने बताया कि क्षेत्र में लम्बे समय से विद्युत समस्याएं बनी हुई थीं जिनसे क्षेत्रवासियों को निजात मिल सकेगी। जीएसएस का निर्माण एक वर्ष में पूरा होगा। इससे 5 हजार से अधिक कृषि उपभोक्ता एवं 20 हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ता लाभान्वित  होंगे।

समारोह में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, सांगोद पंचायत समिति उप प्रधान ओम नागर, मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश मेहता एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।

पौधारोपण किया,  जन समस्याएं सुनी
ऊर्जा मंत्री ने शिलान्यास स्थल पर पौधारोपण किया तथा समारोह स्थल पर आमजन की समस्याएं भी सुनी।