संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी 25 दिसम्बर
भारत स्काउट गाइड की युवा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी रोवर स्काउट शाखा के अंतर्गत शनिवार को भारत में स्काउटिंग के प्रणेता रहे भारतरत्न प्राप्त महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती के उपलक्ष में पेच ग्राउंड स्थित स्काउट गाइड भवन पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया ।
ज्ञान, चरित्र व स्वावलंबन के साथ भावी पीढ़ी को संस्कारवान सुनागरिक बनाती है स्काउटिंग
पंडित मदन मोहन मालवीय स्वतंत्र रोवर क्रू द्वारा आयोजित दीक्षा कार्यक्रम में स्काउट परम्परा द्वारा परिवीक्षा काल पूर्ण कर चुके युवाओं को दीक्षा प्रदान कर सेवाभावी रोवर स्काउट बनाया गया । कार्यक्रम में राष्ट्रपति रोवर असिस्टेंट प्रोफेसर सर्वेश तिवारी मुख्य अतिथि थे, बतौर विशिष्ट अतिथि लालसोट से आये रोवर लीडर रामकेश माली व संस्था प्रधान हेमराज ओड़ रहें जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ रोवर लीडर रमेश चंद पारीक ने की।
दीक्षा समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए तिवारी ने कहा कि स्काउटिंग की रोवरिंग शाखा युवाओं के सर्वांगीण विकास के साथ उनके व्यक्तित्व उन्नयन का आधार है । यह उनमें ज्ञान, चरित्र व स्वावलंबन का सृजन करती है तथा भावी पीढ़ी को संस्कारवान सुनागरिक बनाती है। तिवारी ने दीक्षा प्राप्त करने वाले रोवर स्काउट को बधाई व शुभकामनाएं दी। दीक्षा कार्यक्रम में सफलतापूर्वक विभिन्न परीक्षाओं को उत्तीर्ण कर परिवीक्षा काल पूर्ण करने वाले युवा जय तिर्थानी व एकांश नामा को नायकों की परिपाटी अनुसार हाथ धुलवाकर, देश के प्रति कर्तव्य पालन, दूसरों की सहायता व स्काउट नियम पालन की प्रतिज्ञा दिलवाई गयी। रोवर लीडर रमेश चंद पारीक ने स्काउटिंग प्रवेश बेज प्रदान किया। पारीक ने इस अवसर पर बूंदी में मदन मोहन मालवीय रोवर क्रू द्वारा संचालित सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए युवाओं का आवाहन किया कि वे स्काउटिंग गाइडिंग आंदोलन के माध्यम से स्वयं में समाज व राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्वपूर्ण गुणों का विकास करें तथा अनुशासित सुनागरिक बनकर अपनी भूमिका निभाएं । वरिष्ठ रोवरमेट युवराज प्रजापत के नेतृत्व में विद्यार्थियों को रेड कार्ड, कैप व स्कार्फ प्रदान कर सम्मानित किया गया। खुले प्रांगण में ध्वजारोहण से प्रारंभ हुए कार्यक्रम में स्काउट प्रार्थना हुआ झंडा गीत के साथ दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। रोवरमेट हंसराज चौधरी ने दीक्षार्थियों को दीक्षा हेतु प्रस्तुत किया। साक्षात्कार के बाद युवाओं को करतल ध्वनि के साथ दीक्षित किया।
इससे पूर्व प्रजातांत्रिक तरीके से युवा नेतृत्व व समन्वय की परिचायक रोवर क्रू के विभिन्न दल नायकों की बैठक जिसे मान सभा या कोर्ट ऑफ ऑनर कहा जाता है का आयोजन सीनियर रोवर मेंट युवराज प्रजापत की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें डेजर्ट ट्रैकिंग शिविर जैसलमेर हेतु संभागीयों का चयन किया गया तथा दीक्षा कार्यक्रम का प्रस्ताव पारित किया गया। इसी क्रम में स्काउट भवन पर महामना मदन मोहन मालवीय कृतित्व व व्यक्तित्व विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता रोवर लीडर पारीक ने की, बतौर अतिथि राष्ट्रपति स्काउट अग्रज चंडी सिंह, संगठन के संयुक्त सचिव सर्वेश तिवारी, रोवलीडर रामकेश माली, यूनिट लीडर हंसराज चौधरी, कब मास्टर हेमराज औड़ मंचासीन रहे। अतिथियों ने महामना के जीवन दर्शन कृतित्व व व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला व स्वतंत्रता आंदोलन, पत्रकारिता व स्काउटिंग गाइडिंग के विकास में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया । मालवीय की जयंती के अवसर पर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर रोवर स्काउट ने उन्हें नमन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट प्रार्थना के साथ हुआ, अतिथियों का जनरल सेल्यूट व स्कार्फ़ पहनाकर करतल ध्वनि के साथ अभिनंदन किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।सहायक रोवर लीडर लोकेश सैनी ने आभार प्रकट किया।